Dhruv Jurel Century: ध्रुव जुरेल ने जड़ा टेस्ट करियर का पहला शतक, अहमदाबाद में खेली गजब की पारी
Dhruv Jurel Century: वेस्टइंडीज के खिलाफ अहमदाबाद में खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच में, टीम इंडिया के युवा विकेटकीपर-बल्लेबाज़ ध्रुव जुरेल ने एक शानदार उपलब्धि हासिल की है। मैच के दूसरे दिन उन्होंने चौका लगाकर अपने टेस्ट करियर का पहला शतक पूरा किया। ऋषभ पंत के चोटिल होने के कारण जुरेल को इस मुकाबले में खेलने का मौका मिला और उन्होंने अपना काम बखूभी निभाया। शतक जड़ने के बाद उन्होंने मैदान पर अनोखे अंदाज में जश्न भी मनाया।
जुरेल ने जड़ा टेस्ट का पहला शतक (Dhruv Jurel Century)
जुरेल ने अपनी पिछली सर्वश्रेष्ठ टेस्ट पारी (90 रन) के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए, यह ऐतिहासिक शतक जड़ा। इस शतक के साथ ही वह भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट में सेंचुरी लगाने वाले 12वें विकेटकीपर-बल्लेबाज़ बन गए हैं। यह उपलब्धि उनके लिए एक शानदार शुरुआत है। जुरेल का यह शतक ऐसे समय आया जब टीम को एक बड़ी और मज़बूत साझेदारी की ज़रूरत थी। उन्होंने अनुभवी ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा के साथ मिलकर पांचवें विकेट के लिए एक बेहतरीन साझेदारी की।

भारत की स्थिति मज़बूत
जुरेल और जडेजा की अटूट साझेदारी ने वेस्टइंडीज को पूरी तरह से बैकफुट पर धकेल दिया है। इस समय तक भारत की वेस्टइंडीज पर कुल 232 रनों की मज़बूत बढ़त हो चुकी है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि भारतीय टीम कब अपनी पारी घोषित करती है और वेस्टइंडीज को दोबारा बल्लेबाज़ी के लिए बुलाती है। ध्रुव जुरेल का यह शतक यह दिखाता है कि वह भारतीय क्रिकेट के भविष्य के लिए एक बड़ा सितारा साबित हो सकते हैं।
162 रन पर सिमट गई थी वेस्टइंडीज
वेस्टइंडीज ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करने का फ़ैसला किया, लेकिन टीम इंडिया के तेज़ गेंदबाज़ों ने उनके इस फ़ैसले को ग़लत साबित कर दिया। भारतीय पेस अटैक ने वेस्टइंडीज की पारी को महज़ 162 रन पर समेट दिया। वेस्टइंडीज की शुरुआत बेहद खराब रही और उन्होंने शुरुआती घंटे में ही 42 रन पर 4 विकेट गंवा दिए। मोहम्मद सिराज ने तेजनारायण चंद्रपॉल (0), ब्रैंडन किंग (12) और एलिक एथनाजे (13) को पवेलियन भेजा।
गेंदबाजों ने बरपाया कहर
जसप्रीत बुमराह ने जॉन कैंपबेल (8) को आउट किया। कप्तान रोस्टन चेज और शाई होप ने कुछ देर पारी संभाली, लेकिन होप (26) को लंच से ठीक पहले कुलदीप यादव ने बोल्ड कर दिया। लंच के बाद, कप्तान रोस्टन चेज (24) सिराज का शिकार बने। इसके बाद वॉशिंगटन सुंदर ने खेरी पियरे (11) को LBW आउट किया। बुमराह ने दो शानदार यॉर्कर फेंककर जस्टिन ग्रीव्स (32) और जोहान लेन (1) को क्लीन बोल्ड किया। आख़िरी विकेट कुलदीप यादव ने लिया, और इस तरह वेस्टइंडीज की पारी 162 रन पर सिमट गई।












Click it and Unblock the Notifications