IND vs SL Match Prediction: 13 साल बाद फाइनल में आमने-सामने होंगे भारत-श्रीलंका, जानें कौन जीतेगा आज का मैच?
Asia Cup 2023 Final, IND vs SL: एशिया कप 2023 के फाइनल में रविवार, 17 सितंबर को कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में श्रीलंका (SL) और भारत (IND) के बीच भिड़ंत होगी। दोनों टीमें टूर्नामेंट में शानदार फॉर्म में हैं, और फाइनल में पहुंच गई हैं। दोनों ओर से जारी विस्फोटक प्रदर्शनों के चलते ये मुकाबला काफी दिलचस्प होने वाला है।
रोहित शर्मा की अगुवाई वाली टीम टूर्नामेंट के सुपर फोर राउंड में बांग्लादेश से हार के बाद मैदान पर उतरेगी। दूसरी ओर श्रीलंका ने अपने आखिरी मैच में शानदार प्रदर्शन करते हुए पाकिस्तान को हरा दिया और टूर्नामेंट के फाइनल में भारत का सामना करने के लिए तैयार है।

श्रीलंका के खिलाफ कमाल कर सकते हैं ये बल्लेबाज
एशिया कप के फाइनल में श्रीलंका के खिलाफ विराट कोहली और हार्दिक पांड्या अहम बल्लेबाज साबित हो सकते हैं। इसके अलावा ओपनर शुभमन गिल की बांग्लादेश के खिलाफ शतकीय पारी भी यहां उनका आत्मविश्वास बढ़ाएगी।फाइनल में ओपनर गिल भारत के लिए सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज हो सकते हैं।
श्रीलंका के खिलाफ भारतीय गेंदबाजी विभाग
गेंदबाजी विभाग में जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज और स्पिनर कुलदीप यादव की वापसी श्रीलंका को संघर्ष करने पर मजबूर कर सकती है। स्टार भारतीय स्पिनर कुलदीप यादव एशिया कप फाइनल में भारत के लिए सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज हो सकते हैं। कुलदीप टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों में से एक हैं और शानदार फॉर्म में हैं।
फाइनल से पहले श्रीलंका को लगा बड़ा झटका
वहीं दूसरी ओर एशिया कप के फाइनल मुकाबले से पहले श्रीलंका को बड़ा झटका लगा है। स्पिनर महेश थीक्षाना को हैमस्ट्रिंग की चोट के कारण एशिया कप फाइनल से बाहर होना पड़ा है। श्रीलंकाई टीम पहले से ही वानिंदु हसरंगा, दुष्मंथा चमीरा, लाहिरू मदुशंका और लाहिरू कुमारा जैसे खिलाड़ियों के बिना खेल रहे हैं।
भारत बनाम श्रीलंका हेड टू हेड रिकॉर्ड
भारत और श्रीलंका के बीच वनडे फॉर्मेट में अब तक 166 बार भिड़ंत हो चुकी है। इस दौरान श्रीलंका के खिलाफ भारतीय टीम मजबूत स्थिति में है। टीम इंडिया ने कुल 97 मैच जीते हैं, जबकि श्रीलंका को 57 मुकाबलों में जीत मिली है। हालांकि, 11 मैचों का कोई नतीजा नहीं निकल सका, जबकि एक मैच टाई रहा है।
आठवीं बार ट्रॉफी जीतने की कोशिश में टीम इंडिया
भारतीय टीम ने एशिया कप का पहला फाइनल मैच 1984 में श्रीलंका को हराकर जीता था, और आखिरी बार साल 2018 में दुबई में फाइनल मैच में बांग्लादेश को हराकर खिताब अपने नाम किया था। एशिया कप में सबसे अधिक बार खिताब जीतने का रिकॉर्ड भारत के ही नाम है। भारतीय टीम ने सबसे ज्यादा 7 बार (साल 1984, 1988, 1990-91, 1995, 2010, 2016, 2018) खिताब जीता है। श्रीलंका के खिलाफ फाइनल में भारत की कोशिश आठवीं बार ट्रॉफी अपने नाम करने की होगी।
भारत बनाम श्रीलंका के बीच कौन जीत सकता है फाइनल
एशिया कप के फाइनल में उतरने से पहले श्रीलंका के खिलाफ टीम इंडिया मजबूत स्थिति में है। आंकड़ों के अनुसार इस मुकाबले में भारत के जीतने की अधिक संभावना है।












Click it and Unblock the Notifications