लगातार चौथी बार नर्वस 90 का शिकार होने पर रुआंसे हुए ऋषभ पंत, सोशल मीडिया पर वायरल हुई तस्वीर
नई दिल्ली। भारत और श्रीलंका के बीच खेली जा रही 2 मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मैच मोहाली के मैदान पर खेला जा रहा है, जिसका पहला दिन भारतीय टीम के नाम रहा। भारतीय टीम के नये टेस्ट कप्तान रोहित शर्मा ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया और दिन का खेल खत्म होने तक भारतीय टीम ने 6 विकेट खोकर 357 रनों का स्कोर खड़ा कर लिया है और दूसरे दिन उम्मीद है कि भारतीय टीम इस स्कोर में कम से कम 100 रनों का इजाफा जरूर करेगी।

भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा इस मैच में जब बल्लेबाजी करने उतरे तो फैन्स को उम्मीद थी कि उनके बल्ले से विस्फोटक बड़ी पारी देखने को मिल सकती है, हालांकि ऐसा हुआ नहीं और वो 33 रन बनाकर वापस पवेलियन लौट गये। भारतीय टीम ने 80 रन के स्कोर पर अपने दोनों सलामी बल्लेबाजों का विकेट खो दिया था, लेकिन हुनमा विहारी (58) और ऋषभ पंत (96) की अर्धशतकीय पारियों के दम पर 350 के स्कोर को पार करने में कामयाब रही।

घरेलू सरजमीं पर चौथी बार नर्वस 90 का शिकार हुए ऋषभ पंत
भारतीय टीम ने पहले दिन के खेल में हर सेशन के दौरान 2-2 विकेट खोये, जिसके चलते लंच के बाद जब भारतीय बड़े स्कोर की ओर बढ़ती नजर आ रही थी तभी उसने 175 रन के स्कोर पर अपना चौथा विकेट खो दिया। यहां से भारतीय टीम के युवा विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत ने न सिर्फ पारी को संभालने का काम किया बल्कि ताबड़तोड़ अंदाज से बल्लेबाजी करते हुए 9 चौके और 4 छक्कों की मदद से 97 गेंदों में 96 रन की पारी भी खेली। ऋषभ पंत घरेलू सरजमीं पर अपना दूसरा टेस्ट शतक लगाने की ओर बढ़ रहे थे और इसको लेकर वो काफी सावधानी से भी खेल रहे थे लेकिन तभी सुरंगा लकमल की गेंद पर वो बोल्ड होकर वापस पवेलियन लौटे। सुरंगा लकमल की यह गेंद उनके बल्ले का अंदरूनी किनारा लेकर विकेट पर जाकर लगी और ऋषभ पंत घरेलू सरजमीं पर लगातार चौथी बार नर्वस 90 का शिकार हो गये।

शतक से चूकने पर हुए रुंआसे
भारतीय सरजमीं पर ऋषभ पंत अब तक 7 मैच खेल चुके हैं, जिसकी पहली पारियों में उनका स्कोर 66*, 101, 1, 58*, 91, 92, 92 और 96 रनों की पारी खेली है। इस दौरान वो लगातार 4 बार शतक लगाने से चूके हैं, ऐसे में जब वो मोहाली के मैदान पर शतक लगाने से चूक गये तो काफी हताश नजर आये। क्रिकेट के मैदान पर ऐसा पहली बार देखने को मिला है जब ऋषभ पंत आउट होने के बाद इतना निराश नजर आये हों, इस दौरान वो न सिर्फ पवेलियन लौटते समय निराश नजर आये बल्कि ड्रेसिंग रूम में पहुंचने के बाद जब वो कप्तान रोहित शर्मा के साथ बैठे थे तब भी उनकी आंखों में वो निराशा साफ देखी जा सकती थी। सोशल मीडिया पर ऋषभ पंत के इस हाल की फोटोज तेजी से वायरल हो रही हैं।

शतक नहीं सही फिर भी भारत को दिलायी बढ़त
गौरतलब है कि ऋषभ पंत के करियर में यह 5वीं देखने को मिला है जब वो शतक लगाने से चूक गये हैं। सबसे पहली बार वो वेस्टइंडीज के खिलाफ साल 2018 में राजकोट के मैदान पर खेलते हुए नर्वस 90 का शिकार हुए थे जहां पर उन्होंने 92 रनों की पारी खेली थी। इसके बाद वो हैदराबाद के मैदान पर इसी सीरीज में फिर से 92 रन के ही स्कोर पर आउट हुए थे। इसके बाद ऑस्ट्रेलिया की सरजमीं पर 2021 में जब सिडनी में वो खेलने उतरे थे तो उन्होंने 97 रनों की पारी खेलकर टीम को हार से तो बचा लिया था लेकिन अपना शतक पूरा करने से चूक गये। वहीं जब चेन्नई के मैदान पर इंग्लैंड के खिलाफ 2021 में खेलने उतरे तो 91 रन की पारी खेलकर वापस लौटे।












Click it and Unblock the Notifications