रोहित, विराट और युवराज जैसे दिग्गजों को पछाड़ सबसे आगे निकले Ishan Kishan, बनाए ये रिकॉर्ड्स
शुरुआती दो मैचों में मिली करारी हार के बाद टीम इंडिया जीत के ट्रैक पर वापस लौट आई है।
स्पोर्ट्स डेस्क: शुरुआती दो मैचों में मिली करारी हार के बाद टीम इंडिया जीत के ट्रैक पर वापस लौट आई है। मंगलवार को भारत और साउथ अफ्रीका के बीच 5 मैचों की टी20 सीरीज का तीसरा मुकाबला विशाखापट्टनम के ACA-VDCA स्टेडियम में खेला गया, जहां भारत ने शानदार खेल दिखाते हुए मुकाबला 48 रन से जीता। मैच में अफ्रीकी टीम के सामने 180 रन का टारगेट था, जिसके जवाब में टीम 19.1 ओवर के खेल में 131 पर सिमट गई। मेहमान टीम को भले ही हार का सामना करना पड़ा हो, लेकिन अभी भी वह मौजूदा सीरीज में 2-1 से आगे हैं।

विशाखापट्टनम में मिली भारत की इस जीत में युवा ओपनर ईशान किशन (Ishan Kishan) का बल्ला जमकर बोला। उन्होंने 35 गेंदों पर 54 रन की पारी खेली। अपनी इस अर्धशतकीय पारी के साथ ही ईशान ने कई बड़े रिकॉर्ड्स भी अपने नाम दर्ज किए। बता दें कि इस सीरीज में किशन का ये दूसरा और T20I में चौथा अर्धशतक है। इससे पहले दिल्ली टी20 में ईशान किशन ने 48 गेंदों पर 76 रन की पारी खेली थी।
युवराज और गंभीर को छोड़ा पीछे
दरअसल, ईशान किशन टी20 इंटरनेशनल की पहली 13 पारियों में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले तीसरे भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं। ईशान अभी तक खेली 13 पारियों में 37.75 की औसत से कुल 453 रन बना चुके हैं। उनके पहले पूर्व कप्तान विराट कोहली (461) और केएल राहुल (500) का नाम आता है। ईशान से पहले नंबर 3 पर गौतम गंभीर (415) का नाम आता था। वहीं, सिक्सर किंग के नाम से मशहूर युवराज सिंह ने अपनी पहली 13 पारियों में कुल 390 रन बनाए थे।
अर्धशतक के मामले में भी निकले आगे
ईशान किशन के T20I करियर का ये चौथा अर्धशतक रहा। इसके साथ वह 23 साल की उम्र में T20I क्रिकेट में सबसे ज्यादा 50+ स्कोर बनाने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं। ईशान (4) के अलावा विराट कोहली, सुरेश रैना और भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने भी 23 साल की उम्र में चार-चार 50+ स्कोर बनाए थे।












Click it and Unblock the Notifications