IND vs SA: मैच रेफरी जवागल श्रीनाथ से हुई बड़ी भूल, मैदान पर कंफ्यूज दिखे धवन और महराज
भारत और दक्षिण अफ्रीका (India vs South Africa) के बीच सीरीज का दूसरा वनडे मुकाबला रांची के जेएससीए स्टेडियम में खेला जा रहा है।
IND vs SA, 2nd ODI, South Africa tour of India, 2022: भारत और दक्षिण अफ्रीका (India vs South Africa) के बीच सीरीज का दूसरा वनडे मुकाबला रांची के जेएससीए स्टेडियम में खेला जा रहा है। सीरीज अपनी बढ़त बना चुकी दक्षिण अफ्रीका ने इस मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है। अफ्रीकी टीम के नियमित कप्तान टेम्बा बावुमा इस मैच का हिस्सा नहीं है, लिहाजा टीम की कप्तानी केशव महराज कर रहे हैं।

टेम्बा बावुमा और शम्सी बाहर
दूसरे वनडे मैच में कप्तान टेम्बा बावुमा को आराम दिया गया है। टॉस के बाद कप्तान केशव महराज ने बताया कि रविवार सुबह उनकी तबियत पूरी तरह से स्वस्थ नहीं लग रही थी, जिसके बाद टीम ने उन्हें रेस्ट देने का फैसला किया। वहीं पहले वनडे मैच में अपने कोटे के आठ ओवर्स में 89 रन लुटाने वाले तबरेज़ शम्सी को टीम से बाहर रखा गया है। केशव महराज ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया।

मैच रेफरी जवागल श्रीनाथ से हुई छोटी सी गलती
टॉस के दौरान मैच रेफरी जवागल श्रीनाथ ने एक छोटी सी गलती कर गए। दरअसल, पूर्व क्रिकेटर संजय मांजरेकर ने टॉस के लिए सिक्का देने को कहा तो इस पर कुछ देर तक जवागल श्रीनाथ खामोश खड़े रहे। शिखर धवन और केशव महराज भी कुछ समझ नहीं सके कि आखिर यहां क्या हो रहा है। करीब 40-50 सेकंड बाद अचानक जवागल श्रीनाथ को याद आया कि सिक्का तो उनके जेब में ही है और फिर उन्होंने उसे निकालकर खिलाड़ी को दिया।

भारतीय टीम में हुए दो बदलाव
जवागल श्रीनाथ ने जब केशव महराज को सिक्का सौंपा तो उनके चेहरे पर एक हल्की सी मुस्कान आ गई थी। भारतीय टीम की बात करें तो शिखर धवन ने टीम में दो बदलाव किए हैं। भारत के लिए शाहबाज अहमद डेब्यू कर रहे हैं। वहीं वॉशिंगटन सुंदर को भी प्लेइंग इलेवन में शामिल किया गया। इन दोनों को रवि बिश्नोई और ऋतुराज गायकवाड़ के स्थान पर जगह दी गई। भारत के लिए इस मैच में जीत दर्ज करना बेहद जरूरी है।
जानिए किस टीम में शामिल है कौन सा खिलाड़ी
भारत: शिखर धवन (कप्तान), शुभमन गिल, ईशान किशन, श्रेयस अय्यर, संजू सैमसन (विकेटकीपर), वाशिंगटन सुंदर, शाहबाज अहमद, शार्दुल ठाकुर, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, अवेश खान।
दक्षिण अफ्रीका: जेनमैन मालन, क्विंटन डी कॉक (विकेटकीपर), रीजा हेंड्रिक्स, एडेन मार्कराम, हेनरिक क्लासेन, डेविड मिलर, वेन पार्नेल, केशव महाराज (कप्तान), ब्योर्न फोर्टुइन, कैगिसो रबाडा, एनरिक नॉर्टजे।












Click it and Unblock the Notifications