India Vs Pakistan: जीत से गदगद रोहित शर्मा, बताया क्यों अहम था पाक के खिलाफ मैच
India Vs Pakistan: एशिया कप के सुपर 4 के अहम मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को रिकॉर्ड 228 रनों से मात दे दी है। इस जीत के साथ ही भारतीय टीम अंक तालिका में पहले पायदान पर पहुंच गई है। टीम इंडिया की इस जीत से कप्तान रोहित शर्मा काफी खुश नजर आए। मैच के बाद रोहित शर्मा ने टीम की तारीफ करते हुए कहा कि हमारी बल्लेबाजी जबरदस्त रही।
रोहित शर्मा ने कहा कि हम बस मैदान में जाकर अच्छा खेलना चाहते थे। कई खिलाड़ी मैदान से दूर रहे हैं। लेकिन यह सिर्फ इसलिए संभव हो पाया क्योंकि ग्राउंड स्टाफ ने जबरदस्त काम किया। मुझे पता है कि पूरे मैदान को कवर करना और फिर कवर को हटाना कितना मुश्किल होता है। पूरी टीम की ओर से हम आपका शुक्रिया अदा करना चाहते हैं।

टीम की बल्लेबाजी को लेकर रोहित शर्मा ने कहा कि हमारी बल्लेबाजी जबरदस्त रही, जहां हमने पहले दिन मैच छोड़ा वहीं से शुरू किया, हमे पता था कि विकेट अच्छी है, हमे बस बारिश को ध्यान में रखना था, विराट और शुभमन गिल को पता था कि उन्हें गेंद पर नजर जमाने में थोड़ा समय लगेगा और इसके बाद वह अच्छी पारी खेल सकते हैँ।
जसप्रीत बुमराह को लेकर रोहित ने कहा कि वह काफी अच्छे नजर आ रहे हैं, उन्होंने गेंद को दोनों ओर स्विंग कराया, उन्होने पिछले 8-10 महीने काफी कड़ी मेहनत की है। बुमराह अभी सिर्फ 27 साल के हैं, उनके लिए मैच नहीं खेल पाना ठीक नहीं है, लेकिन जिस तरह से उन्होंने गेंदबाजी की वह दर्शाता है कि वह क्या हैं।
विराट कोहली की तारीफ करते हुए रोहित शर्मा ने कहा कि उनकी पारी बेहतरीन थी, जिस रफ्तार में उन्होंने बल्लेबाजी की वह लाजवाब थी। इसके बाद केएल राहुल ने चोट के बाद अच्छी वापसी की है। मैच से सिर्फ 5 मिनट पहले उन्हें बताया गया कि वह खेल रहे हैं, लेकिन जिस तरह से उन्होंने बल्लेबाजी की वह उनकी मानसिकता को दर्शाता है।
बता दें कि पाकिस्तान के खिलाफ जीत के साथ ही भारत का अगला मुकाबला मेजबान श्रीलंका से 12 सितंबर को है, अगर इस मैच में भारत जीत दर्ज कर लेता है तो वह फाइनल में पहुंच जाएगा, जहां एक बार फिर से पाकिस्तान से उसका सामना हो सकता है।












Click it and Unblock the Notifications