भारत-पाकिस्तान के बीच नहीं होगा ओलंपिक में क्रिकेट मुकाबला? पाक बोर्ड की बढ़ गई चिंता
India vs Pakistan at Olympics: साल 2028 के लॉस एंजिल्स ओलंपिक में जब क्रिकेट की वापसी होगी, तो हर कोई यही उम्मीद कर रहा था कि वहां भारत और पाकिस्तान की टक्कर देखने को मिलेगी। लेकिन खेल की दुनिया से जो नई खबरें आ रही हैं, वो फैंस का दिल तोड़ने वाली हैं। क्रिकेट और ओलंपिक कमेटी ने मिलकर जो नए नियम बनाए हैं, उन्होंने इस महामुकाबले पर एक बड़ा सवालिया निशान लगा दिया है।
ओलंपिक क्रिकेट प्रतियोगिता की मेजबानी करने के कारण संयुक्त राज्य अमेरिका (USA) को सीधी एंट्री का अधिकार मिला है। हालांकि, इस स्थान को बरकरार रखने के लिए टीम को ICC द्वारा तय एक अहम मानदंड पूरा करना होगा। नियमों के अनुसार, 30 जून 2026 से 31 दिसंबर 2026 के बीच किसी भी समय अमेरिका को ICC पुरुष टी20 अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग में कम से कम एक बार टॉप-15 में जगह बनानी होगी। तभी उसकी मेजबान के रूप में पात्रता मान्य रहेगी।

चार महाद्वीपों को मिलेगा सीधा प्रतिनिधित्व
क्रिकेट को वैश्विक स्तर पर संतुलित प्रतिनिधित्व देने के उद्देश्य से अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (IOC) ने चार महाद्वीपों के लिए अलग-अलग कोटा निर्धारित किया है। एशिया, अफ्रीका, यूरोप और ओशिनिया में से प्रत्येक महाद्वीप की 31 दिसंबर 2026 तक सबसे ऊंची रैंकिंग वाली पात्र टीम को सीधे ओलंपिक में जगह मिलेगी। इस तरह कुल चार स्थान महाद्वीपीय प्रदर्शन के आधार पर तय होंगे। भारत टॉप रैंक टीम है, इसलिए सीधे एंट्री मिलेगी।
आखिरी स्थान के लिए होगा आईसीसी ओलंपिक क्वालीफायर
ओलंपिक क्रिकेट टूर्नामेंट का अंतिम स्थान आईसीसी ओलंपिक क्वालीफायर के जरिए भरा जाएगा। इस क्वालीफाइंग प्रतियोगिता में कुल आठ टीमें हिस्सा लेंगी। इनमें वे सात सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग वाली टीमें शामिल होंगी, जो मेजबान या महाद्वीपीय कोटे के माध्यम से सीधे क्वालिफाई नहीं कर सकेंगी। इस टूर्नामेंट की विजेता टीम अंतिम टिकट अपने नाम करेगी।
पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के लिए बढ़ सकती है मुश्किल
यदि 2026 के अंत तक रैंकिंग में बड़ा बदलाव नहीं होता, तो पाकिस्तान और न्यूजीलैंड जैसी मजबूत टीमें भी सीधे ओलंपिक में जगह बनाने के बजाय क्वालीफायर खेलने की स्थिति में पहुंच सकती हैं। ऐसे में यदि पाकिस्तान क्वालीफायर जीतने में सफल नहीं होता, तो ओलंपिक 2028 में भारत और पाकिस्तान के बीच बहुप्रतीक्षित मुकाबला देखने का मौका क्रिकेट प्रशंसकों को नहीं मिल सकेगा।












Click it and Unblock the Notifications