IND vs NZ: भारत की पहली पारी 263 रन पर समाप्त, गिल-पंत की अर्धशतकीय पारी, एजाज पटेल ने झटके पांच विकेट
India vs New Zealand 3rd Test: भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीन मैचों की टेस्ट सीरीज का आखिरी मुकाबला रोमांचक मोड़ पर पहुंच चुका है। न्यूजीलैंड की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था। पहले बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड ने 235 रन बनाए थे। जिसके जवाब में भारतीय टीम अपनी पहली पारी में 263 रन बनाने में सफल रही। इसके साथ ही भारत ने न्यूजीलैंड पर 28 रनों की बढ़त बना ली है।
भारत की पारी 263 रन पर समाप्त
न्यूजीलैंड के खिलाफ अपनी पहली पारी में भारतीय टीम 263 रनों पर आल आउट हो गई। भारतीय बल्लेबाज तीसरे दिन के दूसरे सेशन में अपनी लय को बरकरार नहीं रख सके। न्यूजीलैंड के लिए एजाज पटेल ने सबसे अधिक पांच विकेट झटके। जबकि भारत की तरफ से शुभमन गिल ने 90 रन बनाए। वहीं ऋषभ पंत के बल्ले से 60 रन निकले।

ऋषभ पंत ने रचा इतिहास
ऋषभ पंत ने भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीसरे टेस्ट मैच में तेज अर्धशतक लगाया। सिर्फ़ 36 गेंदों में 50 रन बनाकर पंत ने यशस्वी जायसवाल का पिछला रिकॉर्ड तोड़ दिया, जिन्होंने इसी विपक्षी टीम के खिलाफ़ 41 गेंदें खेली थीं। न्यूजीलैंड के खिलाफ़ टेस्ट मैचों में अर्धशतक तक पहुंचने वाले सबसे तेज़ भारतीय खिलाड़ी के रूप में भी ऋषभ पंत का नाम सबसे ऊफर पहुंच गया है।
96 रनों की अहम साझेदारी
ऋषभ ने 114 गेंदों पर शुभमन गिल के साथ 96 रनों की अहम साझेदारी की और दबाव में पारी को आगे बढ़ाने की अपनी काबिलियत का परिचय दिया। हालांकि, उनकी शानदार पारी 60 रन पर ही समाप्त हो गई और ईश सोढ़ी की गेंद पर आउट हो गए। साल 2018 में इंग्लैंड के खिलाफ अपने डेब्यू के बाद से पंत ने 38 मैचों में भाग लिया है, जिसमें उन्होंने 65 पारियों में 43.81 की औसत से 2,629 रन बनाए हैं। उनके रिकॉर्ड में 6 शतक और 13 अर्धशतक शामिल हैं, जिसमें उनका सर्वोच्च स्कोर नाबाद 159 रन रहा है।












Click it and Unblock the Notifications