Sarfaraz Khan ने टेस्ट में लगाया टी-20 का तड़का, 6 चौके-तीन छक्के की मदद से जड़ा अर्धशतक
India vs New Zealand, 1st Test Sarfaraz Khan: भारत और न्यूजीलैंड के बीच तीन मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मैच रोमांचक मोड़ पर पहुंच चुका है। भारत के लिए इस टेस्ट मैच की शुरुआत बेहद खराब रही थी। पहली पारी में भारतीय टीम महज 46 रन पर ढेर हो गई थी। जिसके बाद न्यूजीलैंड ने अपनी पहली पारी में 402 रन बनाए। भारतीय टीम ने दूसरी पारी में अब तक बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया है।
न्यूजीलैंड को मिली थी 356 रन की बढ़त
भारतीय टीम की बल्लेबाजी पहली पारी में ताश के पत्तों की तरह ढह गई। जिसके बाद न्यूजीलैंड ने अपनी पहली पारी 402 रन बनाकर टीम इंडिया पर दबाव डालने का काम किया। इस तरह भारतीय टीम के मुकाबले न्यूजीलैंड इस मुकाबले में आगे दिखाई पड़ रही थी। 356 रनों की बढ़त के कारण भारत पर पारी से मैच हारने का खतरा मंडराने लगा। लेकिन बल्लेबाजों ने सकारात्मक शुरुआत करते हुए वापसी करने की कोशिश की है।

रोहित शर्मा ने जड़ा अर्धशतक
रोहित शर्मा और यशस्वी जायसवाल की जोड़ी ने दूसरी पारी में टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई। दूसरी पारी में भारत को 72 के स्कोर पर पहला झटका लगा। एजाज पटेल ने यशस्वी जायसवाल को विकेटकीपर ब्लंडेल के हाथों कैच करा पवेलियन भेजने का काम किया। दूसरी तरफ रोहित शर्मा ने तेज गति से रन बनाते हुए 59 गेंद में टेस्ट करियर का 18वां अर्धशतक जड़ा। लेकिन वह इस पारी को ज्यादा लंबा नहीं बना सके।
सरफराज खान ने टेस्ट में लगाया टी-20 का तड़का
22वें ओवर में एजाज पटेल की गेंद पर रोहित ने डिफेंस करने की कोशिश में क्लीन बोल्ड हो गए। इसके बाद विराट कोहली और सरफराज खान ने भारतीय पारी को संभालने का काम किया। दोनों ही बल्लेबाजों के बीच 100 से अधिक रनों की साझेदारी हो चुकी है। इस दौरान दोनों ने ही अपना अर्धशतक पूरा किया। सरफराज खान ने टेस्ट में टी-20 का तड़का लगाते हुए केवल 42 गेंदों में 6 चौके और तीन छक्के की मदद से अर्धशतक जड़ दिया।












Click it and Unblock the Notifications