IND vs ENG: आर अश्विन और रविंद्र जडेजा ने रचा इतिहास, कुंबले-भज्जी को पछाड़ बनाया ये बड़ा रिकॉर्ड
India vs England Ashwin-Jadeja: इंग्लैंड के खिलाफ हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में पहले टेस्ट मैच के पहले दिन भारतीय गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। दोनों ही टीमों ने इस मुकाबले में अपनी प्लेइंग इलेवन में तीन-तीन स्पिनर्स को जगह दी है। पहले ही दिन स्पिन गेंदबाज पिच का जमकर फायदा उठा रहे हैं।
अश्विन-जडेजा ने रचा इतिहास: भारतीय टीम के दिग्गज ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन और रविंद्र जडेजा की जोड़ी कहर बरपा रही है। इंग्लैंड के खिलाफ पहले टेस्ट मुकाबले में इन दोनों ही खिलाड़ियों ने मिलकर अब तक चार विकेट झटक लिए हैं। इसके साथ ही इन्होंने इतिहास भी रच दिया है। भारत के लिए रविंद्र जडेजा और आर अश्विन की जोड़ी सबसे अधिक विकेट चटकाने के मामले में नंबर वन पर आ गई है।

य़े जोड़ी है कमाल की: इससे पहले भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट में अनिल कुंबले और हरभजन सिंह की जोड़ी ने एक साथ मिलाकर कुल 501 विकेट चटकाए थे। लेकिन इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज के पहले मुकाबले में आर अश्विन और रविंद्र जडेजा की जोड़ी ने अनिल कुंबले और भज्जी को पछाड़ दिया है। आर अश्विन और रविंद्र जडेजा की जोड़ी अब तक 502 विकेट अपने नाम कर चुकी है।
भारत की तरफ से सबसे अधिक विकेट लेने वाली जोड़ी रविंद जडेजा-आर अश्विन की ही है। इसके बाद 501 विकेट के साथ अनिल कुंबले और हरभजन सिंह दूसरे स्थान पर बने हुए हैं। जबकि तीसरे नंबर पर जहीर खान और हरभजन सिंह की जोड़ी है। जिन्होंने कुल मिलकर 474 विकेट चटकाए हैं। चौथे नंबर पर आर अश्विन के साथ उमेश यादव का नाम आता है। इन दोनों ही खिलाड़ियों ने मिलकर भारत के लिए टेस्ट क्रिकेट में कुल 431 विकेट लिए हैं।
वहीं बात अगर इंटरनेशनल क्रिकेट में एक जोड़ी के रूप में सबसे अधिक टेस्ट विकेट लेने की बात करें तो यहां जेम्स एंडरसन और स्टुअर्ट ब्रॉड सबसे आगे हैं। इन दोनों ही खिलाड़ियों ने मिलकर 1039 विकेट चटकाए हैं। जबकि शेन वॉन और ग्लेन मैक्ग्रा की जोड़ी ने 1000 से अधिक विकेट चटकाने में कामयाबी हासिल की है। इन दोनों ने कुल मिलाकर अपने करियर में 1001 विकेट झटके हैं।












Click it and Unblock the Notifications