IND vs ENG: टीम इंडिया की जीत के असली हीरो, एजबेस्टन में इन 5 खिलाड़ियों ने किया करिश्मा!
India vs England 2nd Test: टीम इंडिया ने इंग्लैंड के खिलाफ एजबेस्टन टेस्ट में इतिहास रच दिया है। भारत ने बर्मिंघम के मैदान पर पहली बार कोई टेस्ट मैच जीता। 336 रनों के बड़े अंतर से मिलने वाली ये जीत भारतीय टीम के मनोबल को बढ़ाने का काम करेगी। इंग्लैंड को 608 रनों का लक्ष्य मिला था, लेकिन पूरी टीम 271 रन पर ही सिमट गई। जीत के साथ ही अब सीरीज 1-1 की बराबरी पर आ गई है। इस ऐतिहासिक जीत के पीछे टीम इंडिया के पांच सितारे रहे, जिनकी परफॉर्मेंस ने मैच का रुख पलट दिया।
कप्तान शुभमन गिल ने दिखाया दम (India vs England 2nd Test)
टीम इंडिया के युवा कप्तान शुभमन गिल ने इस टेस्ट में ऐसा धमाका किया, जिसे हमेशा याद रखा जाएगा। गिल ने पहली पारी में शानदार दोहरा शतक (269 रन) और दूसरी पारी में ताबड़तोड़ शतक (161 रन) जड़ दिया। कुल मिलाकर गिल ने 430 रन बनाए और 'प्लेयर ऑफ द मैच' भी बने। एक टेस्ट में इतने रन बनाना किसी करिश्मे से कम नहीं।

आकाशदीप बने जीत के हीरो
तेज गेंदबाज आकाशदीप ने अपने प्रदर्शन से सबको चौंका दिया। उन्होंने मैच में कुल 10 विकेट लिए पहली पारी में 4 और दूसरी पारी में 6 विकेट लेकर उन्होंने इतिहास रच दिया। उन्होंने इंग्लैंड के बड़े-बड़े बल्लेबाजों को आउट किया और भारत को जीत की ओर ले गए। यह उनके करियर का अब तक का सबसे बेहतरीन प्रदर्शन रहा।
मोहम्मद सिराज का मियां मैजिक
मोहम्मद सिराज ने इंग्लैंड की पहली पारी में 6 विकेट लेकर टीम को 407 पर रोक दिया। उनकी अगुवाई में गेंदबाजी यूनिट ने शानदार काम किया और भारत को 180 रनों की बढ़त दिलाई। दूसरी पारी में उन्होंने एक और विकेट लिया। सिराज अब एजबेस्टन में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले भारतीय गेंदबाज बन चुके हैं।
ऋषभ पंत ने तेजी से बनाए रन
दूसरी पारी में जब टीम को तेजी से रन चाहिए थे, तब पंत ने 58 गेंदों में 65 रनों की पारी खेली। उन्होंने गिल के साथ 110 रनों की अहम साझेदारी भी की, जिसने भारत को 600 से ज्यादा का लक्ष्य देने में मदद की।
रविंद्र जडेजा का दमदार प्रदर्शन
रविंद्र जडेजा ने पहली पारी में 89 और दूसरी पारी में नाबाद 69 रन बनाए। साथ ही उन्होंने गेंद से भी योगदान दिया और एक विकेट लिया। उनकी बल्लेबाजी ने टीम को मज़बूती दी।












Click it and Unblock the Notifications