IND vs AUS: कप्तान स्टीव स्मिथ ने एक हाथ से पकड़ा गजब का कैच, हार की कगार पर पहुंची टीम इंडिया
India vs Australia 3rd Test, Steve Smith: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीसरे टेस्ट मैच में ऑस्ट्रेलियाई टीम बेहद मजबूत स्थिति में नजर आ रही है। ऑस्ट्रेलिया को जीत के लिए सिर्फ 76 रनों का लक्ष्य मिला है।

India vs Australia 3rd Test, Steve Smith: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच चार टेस्ट मैचों की सीरीज के तीसरे मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया की टीम जीत के बेहद करीब पहुंच गई है। स्पिनर्स की मददगार इस पिच पर भारत पहली पारी में 109 रन ही बना सकी थी। जिसके जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 197 रन बनाए। इसके साथ ही ऑस्ट्रेलिया ने 88 रनों की जरूरी लीड भी हासिल कर ली। जिसके बाद टीम इंडिया दूसरी पारी में भी बड़ा स्कोर नहीं कर सकी।
स्मिथ ने पकड़ा गजब का कैच
भारत के खिलाफ तीसरे टेस्ट में ऑस्ट्रेलियाई स्पिनर नाथन लियोन का दबदबा देखने को मिला। इंदौर में पहली पारी में तीन विकेट और दूसरी पारी में आठ विकेट झटककर नाथन लियोन ने भारतीय बल्लेबाजी की कमर तोड़ कर रख दी। इसके साथ ही वह भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच टेस्ट मैचों में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए। चेतेश्वर पुजारा को स्टीव स्मिथ के हाथों कैच करा कर लियोने ने भारत की उम्मीदों को बड़ा झटका दिया।
पुजारा के आउट होते ही टूटी जीत की उम्मीद
भारतीय टेस्ट टीम के नए दीवार कहे जाने वाले चेतेश्वर पुजारा ने एक छोर से टीम को लंबे समय तक संभालने का काम किया। चेतेश्वर पुजारा ने 46वें ओवर की पहली गेंद पर एक रन लेकर अपने टेस्ट करियर का 35वां अर्धशतक पूरा किया। लेकिन वह अपनी इस पारी को और आगे नहीं बढ़ा सके। चेतेश्वर पुजारा को स्लिप में खड़े कप्तान स्टीव स्मिथ ने एक बेहतरीन कैच पकड़कर वापस पवेलियन भेजा। स्टीव स्मिथ ने एक हाथ से इस कैच को लपककर सभी को हैरान कर दिया। गेंद काफी नीचे थी और ऐसे में कैच पकड़ना बिल्कुल भी आसान नहीं था। चेतेश्वर पुजारा ने सर्वाधिक 59 रन बनाए।
ऑस्ट्रेलिया को मिला 76 रनों का लक्ष्य
होल्कर स्टेडियम में तीसरे टेस्ट के पहले दो दिन में कुल 30 विकेट गिर चुके हैं। तीसरे दिन भी बल्लेबाजों को खेलने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है। लेकिन भारत की तरफ से लक्ष्य काफी छोटा दिया गया है। ऐसे में ऑस्ट्रेलिया की जीत इस मुकबले में लगभग पक्की मानी जा रही है। 88 रनों की बढ़त के कारण तीसरे दिन ऑस्ट्रेलिया को जीत के लिए सिर्फ 76 रन बनाने होंगे। अगर भारत जल्दी जल्दी विकेट नहीं लेता तो ऑस्ट्रेलिया इस मैच को आसानी से जीत जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications