IND vs AUS: सामने आई ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों की सबसे बड़ी गलती, दिग्गज ने उड़ाई धज्जियां
India vs Australia 3rd Test: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीसरे टेस्ट मैच का आगाज एक मार्च से होने जा रहा है। यह मैच ऑस्ट्रेलिया के नजरिए से काफी अहम होने वाला है

India vs Australia 3rd Test Ian Chappell: बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी में ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। भारतीय पिचों पर स्पिन के खिलाफ टीम के अधिकतर बल्लेबाज बेबस नजर आए। नागपुर और दिल्ली में भारतीय स्पिनरों ने ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों को पूरी तरह से बांधे रखा। अब ऐसा ही कुछ इंदौर में भी देखने को मिल सकता है। इंदौर में भारत का रिकॉर्ड शानदार रहा है।

इयान चैपल ने रणनीति पर उठाए सवाल
भारत के खिलाफ टीम के बल्लेबाजों के खेलने की रणनीति पर ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान इयान चैपल ने सवाल उठाए हैं। इयान चैपल का मानना है कि भारतीय पिचों पर स्पिनर के खिलाफ बचने का एकमात्र तरीका स्वीप शॉट खेलना नहीं है। इयान चैपल के मुताबिक ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाजों ने भारतीय गेंदबाजों के खिलाफ कोई प्लानिंग नहीं बनाई थी। यही वजह थी कि सभी खिलाड़ी एक ही तरह के शॉट खेलते हुए आउट होते नजर आए।

स्वीप शॉट के अलावा भी थे ऑप्शन
इयान चैपल के मुताबिक स्पिनर को खेलने का तरीका सिर्फ स्वीप शॉट नहीं है। सीधे बल्ले से भी बल्लेबाज स्पिनर्स के खिलाफ रन बना सकता है। जैसा कि भारत के लिए रोहित शर्मा ने कर के दिखाया। ईएसपीएनक्रिकइंफो के लिए अपने कॉलम में इयान चैपल ने लिखा कि नियमित रूप से स्वीप शॉट खेलना अच्छी स्पिन गेंदबाजी को खेलने का तरीका नहीं है। अगर कोई ऐसा बार-बार कर रहा है तो वह पिच को बिना समझे बल्लेबाजी कर रहा है, मतलब वह खेलते समय अपने दिमाग का इस्तेमाल नहीं कर रहा है।

इंदौर में भी भारत का पलड़ा भारी
बता दें कि भारत ने नागपुर और दिल्ली में जीत हासिल कर सीरीज में 2-0 से बढ़त बना ली है। इंदौर में होने वाले तीसरे टेस्ट मैच में भारत का पलड़ा एक बार फिर भारी नजर आ रहा है। इंदौर में भारतीय टीम टेस्ट और वनडे मैच कभी नहीं हारी है। भारत ने यहां न्यूजीलैंड और बांग्लादेश जैसी टीमों को टेस्ट में हराने का कारनामा कर चुकी है। दोनों ही मैच को भारत ने बड़े अंतर से अपने कब्जे में किया था। लिहाजा ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भी भारतीय टीम जीत के सिलसिले को बरकरार रखना चाहेगी।












Click it and Unblock the Notifications