भारत ने ऑस्ट्रेलिया को भी दिया था चकमा, जडेजा की जगह कॉन्कशन रिप्लेसमेंट लाया गया, कौन जीता वह मुकाबला?
भारत और इंग्लैंड के बीच शनिवार को खेले गए चौथे टी20 में शिवम दुबे की जगह हर्षित राणा को बतौर कॉन्कशन प्लेयर लाकर गेंदबाजी करा दी गई थी और टीम इंडिया ने मैच अपने नाम करते हुए सीरीज पर कब्जा जमा लिया। हालांकि जोस बटलर ने राणा और दुबे में काफी अंतर बताया। समानता वाले प्लेयर्स को रिप्लेस किया जा सकता है, खिलाड़ी के सिर में चोट लगने के बाद डॉक्टर की सलाह पर ऐसा किया जाता है।
भारत ने ऐसा पहले भी किया है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टी20 मुकाबले के दौरान यही नियम लागू किया गया था। मुकाबला ऑस्ट्रेलिया में हो रहा था और भारतीय टीम के कोच उस समय रवि शास्त्री थे। उन्होंने विराट कोहली के साथ मिलकर यह निर्णय लिया था।

ऑस्ट्रेलिया के केनबरा में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेले गए इस मैच में टीम इंडिया ने पहले बैटिंग करते हुए 7 विकेट पर 161 रनों का स्कोर खड़ा किया था। रविन्द्र जडेजा ने इस मैच में 23 गेंदों का सामना करते हुए 44 रनों की नाबाद पारी खेली।
जडेजा को बैटिंग के दौरान गेंद सिर में लगी थी। फील्डिंग के समय जडेजा की जगह युजवेंद्र चहल को कॉन्कशन सब्सटीट्यूट के तौर पर शामिल किया गया। इसके बाद उन्होंने मैच का पासा पलट दिया। भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया को उनकी ही धरती पर परेशान कर दिया।
ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाज चहल की फिरकी में फंसते चले गए और एक के बाद एक आउट हुए। उन्होंने अपने स्पेल में 25 रन देकर 3 विकेट हासिल किये थे। इसके बाद भारतीय टीम ने 11 रनों से यह मुकाबला अपने नाम कर लिया। ऑस्ट्रेलिया की टीम 7 विकेट पर 150 रन बना पाई। इस तरह चहल को खिलाने का फैसला सही साबित हो गया।
जडेजा की जगह चहल को इसलिए लाया गया था क्योंकि वहां स्पिनर के तौर पर किसी को लाना था। इस वजह से चहल को लाया गया। हालांकि लेग स्पिनर और लेफ्ट आर्म स्पिनर वाला मामला वहां भी था लेकिन स्पिनर को देखते हुए चहल को अनुमति मिल गई थी। पुणे में हर्षित राणा और शिवम दुबे का मामला बिलकुल अलग है।












Click it and Unblock the Notifications