'ट्रॉफी किधर है?' फैन के सवाल पर अभिषेक शर्मा का मजेदार जवाब, ऐसा क्या कहा जो वीडियो हो रहा वायरल
भारतीय क्रिकेट टीम मंगलवार को यूएई से एशिया कप 2025 ट्रॉफी लिए बिना ही स्वदेश लौट आई। टीम ने यह ट्रॉफी ACC चीफ मोहसिन नकवी (जो पाकिस्तान के आंतरिक मंत्री भी हैं) से लेने से मना कर दिया था। जब भारत के T20I ओपनर अभिषेक शर्मा दिल्ली एयरपोर्ट पर पहुंचे, तो उनसे सीधा सवाल किया गया कि, 'ट्रॉफी किधर है?' इस पर बल्लेबाज ने एक मजेदार जवाब दिया।
सूर्यकुमार यादव की अगुवाई वाली टीम ने दुबई में एक रोमांचक एशिया कप फाइनल में पाकिस्तान को 5 विकेट से हरा दिया, लेकिन उन्हें ट्रॉफी नहीं दी गई क्योंकि टीम ने मोहसिन नकवी से ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया।

फैन के सवाल पर अभिषेक शर्मा का मजेदार जवाब
इस बीच जब अभिषेक से एयरपोर्ट पर पूछा गया कि ट्रॉफी किधर है? इस पर बल्लेबाज ने एक मजेदार जवाब के साथ कहा कि 'ट्रॉफी पैक कर ली है।'
प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट
दरअसल, पिछले साल अपने टी20I करियर की शानदार शुरुआत के बाद अभिषेक ने खुद को एक ऐसे विस्फोटक बल्लेबाज के रूप में ढाल लिया है जो लगातार अच्छा प्रदर्शन करता है। एशिया कप 2025 में उन्हें प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का अवॉर्ड मिला।
इस बाएं हाथ के बल्लेबाज ने 7 मैचों में 44.85 की औसत और 200 के स्ट्राइक रेट से 314 रन बनाए। उन्होंने टूर्नामेंट में तीन अर्धशतक भी लगाए।
ओपनर की इस 'अविश्वसनीय हिटिंग' पर कप्तान सूर्यकुमार यादव ने भी उनकी जमकर तारीफ की। सूर्यकुमार ने कहा, 'कभी-कभी आपको उन खिलाड़ियों को अकेले छोड़ देना पड़ता है जो खेल का रुख पूरी तरह बदल देते हैं। अभिषेक एक गेम-चेंजर है।
300 रन बनाने वाले पहले बल्लेबाज
सूर्यकुमार ने एनडीटीवी से बातचीत में कहा कि अभिषेक का यह निडर रवैया दूसरे खिलाड़ियों के भी काम आता है। वे बदलाव ला सकते हैं, प्रभाव डाल सकते हैं। कप्तान ने यह भी बताया कि 10 गेंद में 15 रन या 5 गेंद में 10 रन बनाना भी कभी-कभी 50 रन बनाने जितना ही महत्वपूर्ण होता है। टूर्नामेंट के दौरान अभिषेक टी20 एशिया कप के एक ही सीजन में 300 रन बनाने वाले पहले बल्लेबाज़ भी बने।












Click it and Unblock the Notifications