IND vs PAK: भारत ने निकाली पाकिस्तान की हेकड़ी, अंडर 19 एशिया कप में बुरी तरह चटाई धूल
India Pakistan U19 Asia Cup: अंडर-19 एशिया कप में भारत ने चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को एकतरफा मुकाबले में 90 रन से शिकस्त देकर अपनी ताकत का शानदार प्रदर्शन किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय अंडर-19 टीम ने 46.1 ओवर में 240 रन बनाए, जिसके जवाब में पाकिस्तान की पूरी टीम 41.2 ओवर में 150 रन पर सिमट गई।
भारत की ओर से एरॉन जॉर्ज ने पारी को मजबूती दी और 88 गेंदों में 85 रन की अहम पारी खेली। उनकी इस पारी में 12 चौके और एक छक्का शामिल रहा। कप्तान आयुष म्हात्रे ने भी तेज़ शुरुआत दिलाते हुए 25 गेंदों पर 38 रन बनाए, जबकि कनिष्क चौहान ने निचले क्रम में 46 गेंदों में 46 रन की उपयोगी पारी खेली। विकेटकीपर अभिज्ञान कुंडू ने 22 रन जोड़े।

पाकिस्तान की ओर से गेंदबाजी में मोहम्मद सैय्यम, अब्दुल सुभान और अहमद हुसैन को विकेट जरूर मिले, लेकिन वे भारतीय बल्लेबाजों को बड़ा स्कोर खड़ा करने से नहीं रोक सके।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की शुरुआत बेहद खराब रही। टॉप ऑर्डर जल्दी बिखर गया और टीम दबाव में आ गई। हूज़ैफा अहसन ने जरूर संघर्ष करते हुए 83 गेंदों में 70 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें 9 चौके और 2 छक्के शामिल थे, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से कोई खास समर्थन नहीं मिला। कप्तान फरहान यूसुफ 23 रन ही बना सके।
भारतीय गेंदबाजों ने अनुशासित प्रदर्शन किया। कनिष्क चौहान और दीपेश देवेंद्रन ने अहम मौकों पर विकेट निकालकर पाकिस्तान की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। नतीजा यह रहा कि पूरी पाकिस्तानी टीम 150 रन पर ऑलआउट हो गई।












Click it and Unblock the Notifications