भविष्य में वनडे, टी20 और टेस्ट मैच के लिए भारत के पास होंगी अलग-अलग टीमें- कपिल देव
कपिल देव ने कहा है कि हर दौरे पर अलग-अलग टीम खिलाने से यह फायदा भी होता है कि अधिक से अधिक खिलाड़ियों को खेलने का मौका मिलता है।
भारत में ही होने वाले 2023 विश्व कप के लिए एक मजबूत टीम तैयार करने की दिशा में तेजी से काम चल रहा है। कई युवा खिलाड़ियों को मौके देकर परखा जा रहा है। ऐसे ही मौकों को भुनाने में कामयाब रहे हैं शुभमन गिल और ईशान किशन, जिन्होंने हाल ही में वनडे फॉर्मेट के अंदर दोहरे शतक लगाए हैं। भारतीय क्रिकेट टीम की बेंच स्ट्रेंथ इस वक्त इतनी मजबूत है कि दो मैचों में एकसाथ अलग-अलग प्लेइंग इलेवन खिलाई जा सकती है। पूर्व भारतीय कप्तान कपिल देव ने कुछ ऐसी ही बात कही है। कपिल देव ने कहा है कि इस वक्त भारत के पास अलग-अलग फॉर्मेट के लिए अलग-अलग टीम उपलब्ध है।

क्या कहा कपिल देव ने?
कपिल देव ने गल्फ टाइम्स से बात करते हुए कहा है कि इस वक्त भारत के पास अलग-अलग फॉर्मेट के लिए अलग-अलग टीमें हैं। साथ ही यह भी देखा गया है कि बार-बार क्रिकेटरों को बदलने से कई अन्य क्रिकेटरों को भारतीय टीम में खेलने का मौका मिल रहा है। कपिल देव ने कहा है कि हर दौरे पर टीम बदले जाने का दूसरा पहलू यह भी है कि अधिक से अधिक खिलाड़ियों को इंटरनेशनल लेवल पर खेलने का मौका मिल रहा है और बात भविष्य की है तो मैं देख रहा हूं कि आने वाले समय में भारत के पास वनडे, टी20 और टेस्ट के अलग-अलग टीम होंगी।

विश्व कप जीतने के लिए क्या है जरूरी?
कपिल देव ने इस दौरान विश्व कप को लेकर कहा कि आगामी वनडे वर्ल्ड कप को लेकर भारत की संभावनाएं काफी अधिक हैं, क्योंकि हमारे पास एक अच्छी टीम है, जो इस प्रतिष्ठित ट्रॉफी को उठाने का दम रखती है। हालांकि कुछ अन्य टीमें भी हैं, जो विश्व कप जीतने का दम रखती हैं। कपिल देव ने कहा कि ट्रॉफी को जीतने के लिए आपको भाग्य का साथ तो चाहिए ही, लेकिन उसके साथ ही सबसे जरूरी है सही कॉम्बिनेशन तैयार करना और सबसे जरूरी बात की विश्व कप तक सभी मुख्य खिलाड़ी फिट रहें, यह सबसे ज्यादा जरूरी है।

न्यूजीलैंड से सीरीज जीत गया है भारत
आपको बता दें कि भारतीय टीम इस वक्त न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज खेल रही है, जिसके दो शुरुआती मुकाबले भारत जीत चुका है। इसी के साथ भारत ने सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त भी हासिल कर ली है। भारत ने शनिवार को रायपुर में न्यूजीलैंड को दूसरे वनडे में 8 विकेट से हरा दिया था। अब सीरीज का तीसरा और आखिरी मुकाबला 24 जनवरी को इंदौर में खेला जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications