BAN vs IND: बिना बाउंड्री लगाए अश्विन को मिल गए 5 रन, जानिए कैसे मैदान पर घटी यह अजीब घटना
भारत और बांग्लादेश के बीच आज दूसरे दिन का खेल भी समाप्त हो गया है और बांग्लादेश 8 विकेट के नुकसान 133 रन बना चुका है। बांग्लादेश अभी भी 271 रन पीछे है।

भारत और बांग्लादेश के बीच चट्टोग्राम के जूहर अहमद चौधरी स्टेडियम में चल रहे पहले टेस्ट मैच के दो दिन खत्म हो गए हैं और भारत मैच में काफी मजबूत स्थिति में है। गुरुवार को मैच का दूसरा दिन था और दूसरे दिन मैच में एक अजीब घटना देखने को मिली, जब बल्लेबाज को बिना बाउंड्री के ही अंपायर ने 5 रन दे दिए। अब आप सोच रहे होंगे कि आखिरी ऐसा कैसे हुआ?
दरअसल, यह वाक्या भारत की बल्लेबाजी के दौरान हुआ। जब आर अश्विन और कुलदीप यादव बल्लेबाजी कर रहे थे तो 112वें ओवर की दूसरी गेंद पर अश्विन ने थर्ड मैन की तरफ शॉट खेला और अश्विन एक रन के लिए दौड़ पड़े। इसके बाद थर्ड मैन के फील्डर ने कीपर को थ्रो किया, लेकिन वो थ्रो कीपर के दस्तानों में जाने की बजाए वहां रखे हेलमेट में जा लगा और अंपायर ने पेनल्टी के रूप में 5 रन दे दिए।
क्रिकेट नियमों के अनुसार, अगर गेंद बल्लेबाज के द्वारा लगाए गए शॉट के दौरान विकेटकीपर के जमीन पर रखे हुए हेलमेट से लग जाती है तो बल्लेबाज को पेनल्टी के रूप में 5 रन दिए जाते हैं। क्रिकेट मैच में इस तरह की घटना कई बार हो चुकी है। विकेटकीपर अक्सर अपना हेलमेट मैदान पर ही अपने पीछे रख लेता है।
मैदान पर जब यह वाक्या हुआ तो केएल राहुल की अगुवाई वाली टीम तब तक क्रीज पर रविचंद्रन अश्विन और कुलदीप यादव के साथ 300 रनों का आंकड़ा पार कर चुकी थी। बांग्लादेश के खिलाफ पहले टेस्ट के दूसरे दिन गुरुवार को भारत की पहली पारी 404 रन पर सिमट गई थी। रविचंद्रन अश्विन (58) ने अपना अर्धशतक पूरा किया, जबकि कुलदीप यादव ने भी महत्वपूर्ण 40 रन की पारी खेली। भारत के लिए चेतेश्वर पुजारा (90) और श्रेयस अय्यर (86) टॉप स्कोरर रहे।












Click it and Unblock the Notifications