भारत ने अफगानिस्तान को बुरी तरह चटाई धूल, वैभव सूर्यवंशी का सनसनीखेज कैच बना चर्चा का विषय
IND A v AFG A: भारत ए ने त्रिकोणीय वनडे सीरीज में शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए अफगानिस्तान ए को 101 रन से हराकर फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनने वाली अफगानिस्तान ए की टीम भारतीय बल्लेबाजों के सामने बेबस नजर आई। भारत ए ने निर्धारित 50 ओवर में 9 विकेट पर 319 रन बनाए, जिसके जवाब में अफगानिस्तान ए की पूरी टीम 36.5 ओवर में 218 रन पर सिमट गई।
भारत ए को तेज शुरुआत प्रियांश आर्य और वैभव सूर्यवंशी ने दिलाई। प्रियांश ने 42 गेंदों पर 58 रन की तूफानी पारी खेली, जिसमें 9 चौके और 1 छक्का शामिल रहा। वहीं वैभव सूर्यवंशी ने 28 गेंदों पर 38 रन बनाकर आक्रामक अंदाज दिखाया। इसके बाद कप्तान तिलक वर्मा ने पारी को संभालते हुए 75 गेंदों पर 59 रन बनाए।

मध्यक्रम में कुमार कुशाग्र ने भी जिम्मेदारी निभाई और 67 गेंदों में 58 रन जोड़े। आखिर में विपराज निगम ने 20 गेंदों पर 30 रन की तेज पारी खेलकर भारत का स्कोर 300 के पार पहुंचा दिया। भारत ए के पांच बल्लेबाजों ने 30 से अधिक रन बनाए, जिसका फायदा टीम को बड़े स्कोर के रूप में मिला।
320 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी अफगानिस्तान ए की शुरुआत अच्छी नहीं रही। कप्तान इमरान मीर ने 32 रन बनाए, जबकि फैसल शिनोजादा ने 46 और बहिर शाह ने 57 रन की संघर्षपूर्ण पारियां खेलीं। हालांकि दूसरे छोर से उन्हें लगातार सहयोग नहीं मिला और टीम नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती रही।
सूर्यवंशी के कैच की चर्चा
भारतीय गेंदबाजों ने भी शानदार प्रदर्शन किया। निशांत सिंधु ने घातक गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट झटके और अफगानिस्तान की उम्मीदों को बड़ा झटका दिया। सूर्यांश शेडगे ने 2 विकेट हासिल किए, जबकि यश ठाकुर, विप्रज निगम, अंशुल कंबोज, अनुकूल रॉय 1-1 सफलता मिली। वैभव सूर्यवंशी ने खालिद तानीवाल का एक धाकड़ कैच पकड़ा, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो गया।
वैभव सूर्यवंशी का ने जोरदार कैच पकड़ा है। 😅 pic.twitter.com/w2Xriqrq7y
— Rajesh Sahu (@askrajeshsahu) June 17, 2026
फाइनल में भारतीय टीम
101 रन की इस बड़ी जीत के साथ भारत ए ने न सिर्फ अपनी ताकत का प्रदर्शन किया, बल्कि त्रिकोणीय सीरीज के फाइनल में भी दमदार अंदाज में प्रवेश कर लिया। बल्लेबाजों और गेंदबाजों के सामूहिक प्रदर्शन ने भारतीय टीम को एकतरफा जीत दिलाई और अब उसकी नजरें खिताब पर होंगी।












Click it and Unblock the Notifications