IND W vs SA W: ऋचा घोष ने वर्ल्ड कप फाइनल में रच दिया इतिहास, कर ली वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी
IND W vs SA W ICC Women World Cup 2025: महिला वर्ल्ड कप 2025 के फाइनल में साउथ अफ्रीका के खिलाफ भारतीय टीम की शानदार जीत में विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋचा घोष का भी अहम योगदान रहा। अपनी छोटी लेकिन तूफानी पारी के दम पर ऋचा ने न केवल टीम को 298 रनों के मजबूत स्कोर तक पहुंचाया, बल्कि एक वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा छक्के लगाने के वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी भी कर ली।
ऋचा घोष ने कर ली वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी (IND W vs SA W ICC Women World Cup 2025)
ऋचा घोष ने फाइनल में 24 गेंदों पर 34 रन बनाए और अपनी पारी में दो गगनचुंबी छक्के जड़े। इन दो छक्कों के साथ उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में लगाए गए अपने छक्कों की संख्या को 12 तक पहुंचा दिया। इसके साथ ही उन्होंने एक ही वर्ल्ड कप संस्करण में सबसे ज्यादा 12 छक्के लगाने के विश्व रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। यह रिकॉर्ड इससे पहले वेस्टइंडीज की डिएंड्रा डॉटिन (2013) और साउथ अफ्रीका की लिजेल ली (2017) के नाम दर्ज था।

ऋचा ने कप्तान हरमनप्रीत को पछाड़ा
ऋचा ने छक्के लगाने के मामले में भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर को भी पीछे छोड़ दिया, जिन्होंने 2017 वर्ल्ड कप में 11 छक्के लगाए थे, जो किसी भी भारतीय खिलाड़ी द्वारा एक संस्करण में सबसे ज्यादा थे। बारिश से बाधित इस मैच में साउथ अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था। भारत को स्मृति मंधाना (45 रन) और शेफाली वर्मा ने शानदार शुरुआत दी।
शेफाली वर्मा ने भी रचा इतिहास
शेफाली ने 78 गेंदों में 7 चौके और 2 छक्कों की मदद से 87 रन की बेहतरीन पारी खेली। यह उनके करियर का सर्वश्रेष्ठ वनडे स्कोर था। शेफाली ने इस दौरान सबसे कम उम्र (युवा) में वर्ल्ड कप फाइनल में 50+ स्कोर बनाने वाली भारतीय खिलाड़ी बनकर इतिहास भी रचा। ओपनिंग जोड़ी के आउट होने के बाद, दीप्ति शर्मा ने भी नाबाद अर्धशतक जड़ा और रिचा घोष के महत्वपूर्ण योगदान ने भारत को वर्ल्ड कप फाइनल के इतिहास में दूसरा सबसे बड़ा स्कोर बनाने में मदद की।












Click it and Unblock the Notifications