INDW vs AUSW: ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज ने ली हैट्रिक, अंतिम टी20 में भारत को हराकर सीरीज 4-1 से जीती
ऑस्ट्रेलिया की टीम ने भारत दौरे पर भारत को 4-1 से हराया। टीम इंडिया ने एक मैच टाई होने के बाद सुपर ओवर में जीता था। ऑस्ट्रेलियाई टीम पूरी तरह से हावी रही।

IND W vs AUS W: ऑस्ट्रेलिया की महिला टीम ने भारत दौरे का आगाज जिस तरह किया था, उसे अंजाम तक भी उसी तरह पहुँचाया है। मुंबई के ब्रेबोर्न स्टेडियम में खेले गए पांचवें और अंतिम टी20 मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 54 रनों से हराते हुए सीरीज 4-1 से अपने नाम कर ली। पहले बैटिंग करते हुए ऑस्ट्रेलिया ने 4 विकेट पर 196 रनों का स्कोर बनाया। जवाब में खेलते हुए भारतीय टीम 142 रन बनाकर आउट हो गई।
बड़े स्कोर के दबाव में बिखरी भारतीय पारी
बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत को स्मृति मंधाना के रूप में पहला झटका लगा। इसके बाद विकेटों की झड़ी सी लग गई। शेफाली वर्मा 13 और हरलीन देओल 24 रन बनाकर आउट हुईं। उनके बाद कप्तान हरमनप्रीत कौर 12 और ऋचा घोष 10 रन बनाकर चलती बनीं। यहां से भारत के लिए मैच लगभग समाप्त हो गया था। दीप्ति शर्मा ने एक छोर से रन बनाए और 33 गेंदों में फिफ्टी जमाई। वह अंतिम बल्लेबाज के रूप में 34 गेंद में 53 रन बनाकर आउट हुईं और टीम इंडिया 142 पर सिमट गई। हीदर ग्राहम ने हैट्रिक ली। उन्होंने कुल 4 विकेट झटके।
टॉस जीतकर गेंदबाजी में भारत की अच्छी शुरुआत
टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करते हुए भारतीय टीम ने नई गेंद से अच्छी शुरुआत की। ऑस्ट्रेलिया की ओपनर बेथ मूनी को अंजलि सरवानी ने 2 रन के निजी स्कोर पर पवेलियन बजे भेज दिया। इसके बाद फ़ोबे लिचफील्ड को दीप्ति शर्मा ने 11 रन के निजी स्कोर पर आउट किया। यह सिलसिला यहीं नहीं रुका और ताहलिया मैक्ग्रा 26 रन बनाकर शेफाली वर्मा का शिकार बनीं। एलिस पेरी अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में कन्वर्ट नहीं पर पाई और 18 रन बनाकर चलती बनीं। यहां से ऑस्ट्रेलिया का असली गेम शुरू हुआ।
गार्डनर और हैरिस ने की बड़ी साझेदारी
ऑस्ट्रेलिया के 67 रन 4 विकेट पर गिरने के बाद एश्ले गार्डनर और ग्रेस हैरिस ने भारतीय गेंदबाजों की जमकर धुनाई कर दी। टीम इंडिया के पास दोनों को रोकने का कोई उपाय नहीं दिखा। पांचवें विकेट के लिए गार्डनर और हैरिस ने अविजित शतकीय भागीदारी की और ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 4 विकेट पर 196 तक पहुंचा दिया। गार्डनर ने 32 गेंदों में नाबाद 66 और हैरिस ने 35 गेंदों में नाबाद 64 रनों की पारी खेली।












Click it and Unblock the Notifications