IND vs WI: बड़े हादसे का शिकार होते-होते बचे शिखर धवन, खतरनाक बाउंसर ने तोड़ा हेलमेट
दूसरे मैच में भारतीय कप्तान शिखर धवन एक खतरनाक बाउंसर का शिकार हो गए। भारतीय पारी के 11वें ओवर के दौरान वेस्टइंडीज के तेज गेंदबाज रोमारियो शेफर्ड की एक गेंद तेजी से आकर धवन के सिर पर लगी।
पोर्ट ऑफ स्पेन, जुलाई 25: दूसरे वनडे में मिली रोमांचक जीत के बाद टीम इंडिया ने 3 मैचों की वनडे सीरीज में वेस्टइंडीज के खिलाफ 2-0 की अजेय बढ़त बना ली है। रविवार को देर रात तक चले दूसरे मुकाबले में भारत ने कैरेबियाई टीम को आखिरी ओवर में 2 विकेट से हराया। पूरा मैच रोमांच से भरपूर रहा। हालांकि, मुकाबले के दौरान एक क्षण ऐसा भी आया जिसे देखकर सभी हैरान रह गए।
ये भी पढ़ें- शिखर धवन ने बल्लेबाजों के सिर बांधा जीत का सेहरा, डेब्यू में 10 रन बनाने वाले आवेश को लेकर कही यह बात
Recommended Video

बाउंसर का शिकार हुए भारतीय कप्तान
दरअसल, दूसरे मैच में भारतीय कप्तान शिखर धवन एक खतरनाक बाउंसर का शिकार हो गए। भारतीय पारी के 11वें ओवर के दौरान वेस्टइंडीज के तेज गेंदबाज रोमारियो शेफर्ड की एक गेंद तेजी से आकर धवन के सिर पर लगी। शेफर्ड ने खतरनाक बाउंसर डाली, जिसे शिखर आगे निकलकर खेलना चाहते थे, लेकिन गेंद अतिरिक्त उछाल के कारण ऊपर आ गई और उनके हेलमेट पर जा लगी।

तुरंत बुलाना पड़ा फीजियो
तेज बाउंसर का शिकार होने के बाद धवन पूरी तरह से चकरा गए। भारतीय कप्तान का हेलमेट भी टूट गया। हेलमेट के पीछे जो एक्सट्रा प्रोटेक्शन लगी थी, वो टूट गई। जिसके बाद भारतीय ड्रेसिंग रूम से फीजियो तुरंत दौड़ते हुए मैदान पर पहुंचे। इस कारण काफी समय तक खेल को रोकना पड़ा। हालांकि, अच्छी बात ये रही कि शिखर धवन को कोई चोट नहीं लगी और वह अगली गेंद खेलने के लिए भी तैयार हो गए।

लंबी नहीं चली पारी
हालांकि, बाउंसर के बाद गब्बर की पारी ज्यादा आगे नहीं बढ़ सकी और उसी ओवर की अगली गेंद पर वह अपना विकेट गंवा बैठे। रोमारियो शेफर्ड की गेंद पर काइल मेयर्स ने थर्ड-मैन पर उनका शानदार कैच पकड़ा। धवन 31 गेंदों में केवल 13 रन बनाकर आउट हुए। पहले मैच में उन्होंने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 99 गेंदों पर 97 रन बनाए थे और मैन ऑफ द मैच रहे थे। मौजूदा सीरीज के 2 मैचों में वह 55 की औसत से कुल 110 रन बना चुके हैं।

आखिरी ओवर में जीता भारत
मैच में भारत के सामने 312 रन का टारगेट था, जिसे टीम ने आखिरी ओवर की चौथी गेंद पर 8 विकेट खोकर हासिल किया। भारत की जीत में ऑलराउंडर अक्षर पटेल ने केवल 35 गेंदों पर लगभग के 187 के स्ट्राइक रेट से नाबाद 64 रन बनाए। उनके अलावा उप-कप्तान श्रेयस अय्यर ने 63, विकेटकीपर संजू सैमसन ने 54 और ओपनर शुभमन गिल ने 43 रन की पारी खेली। मैच जिताऊ पारी के लिए अक्षर को मैन ऑफ द मैच का अवॉर्ड दिया गया।

27 जुलाई से अगला मैच
इससे पहले विंडीज ने टॉस जीतकर पहले खेलते हुए 6 विकेट पर 311 का स्कोर बनाया था। अपना 100वां वनडे खेल रहे शाई होप ने 115 रन की शानदार पारी खेली। भारत की ओर से शार्दुल ठाकुर को सबसे ज्यादा 3 विकेट अपने नाम किए। वनडे सीरीज का आखिरी मुकाबला बुधवार, 27 जुलाई को पोर्ट ऑफ स्पेन के क्विंस पार्क ओवल के मैदान पर खेला जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications