मैच में छाई कोहली-रोहित की कमेस्ट्री, विराट की बात मान DRS लेते दिखे कप्तान- VIDEO
नई दिल्लीः भारत और वेस्टइंडीज के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का पहला मैच बड़े धमाकेदार तरीके से समाप्त हुआ है क्योंकि यहां पर भारतीय स्पिनरों ने पहले वेस्टइंडीज को अपने जाल में पहले फंसाया और फिर बल्लेबाजों ने धमाकेदार अंदाज दिखाकर केवल 28 ओवर में ही मुकाबले को खत्म कर दिया। यह मैच अहमदाबाद में नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला गया और रोहित शर्मा के लिए 2 वजह से मुकाबला बड़ा ही खास था। सबसे पहले तो शर्मा वनडे कप्तान के तौर पर फुल टाइम कमान संभाल रहे हैं और दूसरे यह भारतीय क्रिकेट टीम के लिए 1000वां वनडे मैच था। रोहित को दोनों ही मोर्चों पर सफलता हाथ लगी है क्योंकि ना केवल भारत ने मैच जीता है बल्कि व्यक्तिगत तौर पर रोहित ने मैच में सबसे ज्यादा 60 रन भी बनाए हैं।

कोहली-रोहित की कमेस्ट्री देखने को मिली-
इस मैच में विराट कोहली एक बल्लेबाज की हैसियत से खेले और इसको आप भारतीय क्रिकेट में एक नई शुरुआत के तौर पर देख सकते हैं। रोहित मैच में सटीक कप्तानी करते नजर आए क्योंकि उनके डीआरएस के फैसले सही साबित हो रहे थे लेकिन उनमें कोहली का इनपुट अहम रोल निभा रहा था। मैच में एक ऐसा पल भी आया जब रोहित इस बात को लेकर कंफ्यूज हो गए कि डीआरएस लिया जाए या फिर नहीं। ऐसे में पूर्व कप्तान विराट कोहली ने नए कप्तान की मदद की और उनको रिव्यू लेने के लिए आश्वस्त कर दिया। यह वेस्टइंडीज की पारी का 22वां ओवर चल रहा था और चहल बॉलिंग कर रहे थे। बल्लेबाजी पर ब्रुक्स थे जिनके बल्ले के पास से गेंद गुजरी और विकेटकीपर पंत के हाथों में समा गई।
विराट कोहली के कहने पर DRS लिया-
भारत ने स्वाभाविक तौर पर अपील की लेकिन अंपायर ने नॉट आउट करार दे दिया। दरअसल कई मौके ऐसे होते हैं जब बल्ला पैड से भी टकरा जाता है और फिल्डर उस आवाज को भी एज की आवाज मान बैठते हैं। यह मौका भी कुछ ऐसा ही था और भारत के फील्डर कंफ्यूज थे। रोहित शर्मा को समझ में नहीं आ रहा था क्या करें क्योंकि ऋषभ पंत भी निश्चिंत नहीं थे कि गेंद बैट पर लगी है। रोहित शर्मा ने कहा भी कि ऋषभ पंत का कहना है कि बैट नहीं लगा है पर विराट कोहली अड़े रहे और बोले- रोहित, बैट पैड भी लगा है और बैट भी लगा है। जब पंत ने कहा कि बैट नहीं लगा है तो भी विराट अपनी बात पर अड़े रहे और बोले- मेरे को तो लगा है बैट लगा है। इसके बाद मौजूद कप्तान ने पूर्व कप्तान के कहने पर रिव्यू ले लिया। जाहिर है यह रिव्यू सही साबित हुआ और बल्लेबाज 12 रनों के स्कोर पर चलता बना।
कप्तानी हटने के बाद कुछ अलग अंदाज में लगे विराट-
इस मैच में रोहित शर्मा की कप्तानी इतनी बढ़िया रही कि उन्होंने तीन बार वेस्टइंडीज के खिलाफ रिव्यू का इस्तेमाल किया और यह हर बार सही साबित हुआ। रोहित और विराट के बीच मनमुटाव की कितनी भी बातें आती रहें लेकिन दोनों ही दिग्गजों के बीच में आज मैदान पर काफी अच्छी केमिस्ट्री देखने को मिली। विराट कोहली के ऊपर कप्तानी का भार हटने का असर भी दिखाई दिया और वे पहले की तुलना में कहीं अधिक खिलखिलाए हुए खिलाड़ी लग रहे थे। पूर्व कप्तान विराट कोहली बार-बार रोहित शर्मा को फील्डिंग के दौरान अपने अनुभव बताते रहे और रोहित भी इनपुट्स को ध्यान से सुनते रहे। खासकर डीआरएस के समय ऐसा होता था।

कोहली तेजी के चक्कर में आउट हुए-
बल्लेबाजी की बात करें तो विराट कोहली बैटिंग में भी काफी खुलकर खेलना चाह रहे थे और आते ही चौके छक्कों की बरसात करना चाह रहे थे लेकिन वह सफल साबित नहीं हुए क्योंकि केवल 4 गेंद पर 2 चौके लगाकर 8 रन बनाकर आउट हो गए पूर्व। विराट कोहली की बैटिंग देख कर ऐसा लग रहा था कि जैसे वे कुछ ज्यादा ही जल्दबाजी में हैं। अभी सीरीज में दो मुकाबले बाकी है और देखना होगा विराट कोहली उस वेस्टइंडीज के खिलाफ वापसी कर पाते हैं या नहीं जिसके खिलाफ खेलना वे काफी पसंद करते हैं। अगला मुकाबला भी अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होगा और बुधवार को 9 फरवरी को खेला जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications