अश्विन-जडेजा ने मैक्ग्रा-गिलेस्पी को पछाड़ा, अब है कुंबले-हरभजन की बारी, जानिए किस जोड़ी के हैं कितने विकेट
India vs West Indies Test Series 2023: भारत और वेस्टइंडीज के बीच डोमिनिका के विंडसर पार्क में जारी दो मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला पूरी तरह रोहित शर्मा एंड कंपनी के कब्जे में दिखाई दे रहा है।
इस मुकाबले में वेस्टइंडीज ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया था जिसको रविचंद्रन अश्विन और रवींद्र जडेजा की अनुभवी जोड़ी ने विफल कर दिया। इन दोनों ने आपस में 8 विकेट चटकाए।

रविचंद्रन अश्विन को 5 विकेट मिले और जडेजा ने भी 3 विकेट हासिल किए। एक विकेट शार्दुल ठाकुर और मोहम्मद सिराज को मिला। इस शानदार प्रदर्शन के साथ अश्विन और जडेजा की जोड़ी टेस्ट क्रिकेट में 486 विकेट हासिल कर चुकी है और ऐसा करते ही उन्होंने आस्ट्रेलिया की महान तेज गेंदबाज जोड़ी ग्लेन मैकग्रा और जेसन गिलेस्पी का रिकॉर्ड तोड़ दिया है।
मैकग्रा और गिलेस्पी ने टेस्ट क्रिकेट में एक जोड़ी के 484 विकेट लिए थे। अश्विन और जडेजा बहुत तेजी के साथ भारत की दिग्गज स्पिन जोड़ी अनिल कुंबले और हरभजन सिंह के विकेटों के करीब जा रहे हैं। कुंबले और हरभजन ने जोड़ी के तौर पर 54 टेस्ट मैच खेले थे और 501 टेस्ट विकेट हासिल किए थे।
टेस्ट क्रिकेट में एक जोड़ी के तौर पर सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड स्टुअर्ट ब्रॉड और जेम्स एंडरसन के नाम है जिनका आंकड़ा 1000 विकेटों से भी ऊपर है। इन दोनों ने ग्लेन मैक्ग्रा और दिवंगत शेन वार्न की जोड़ी के द्वारा बनाए गए 1001 टेस्ट विकेटों के रिकॉर्ड को भी तोड़ दिया है। फिलहाल एशेज सीरीज में यह दोनों साथ नहीं खेल पा रहे हैं लेकिन अभी भी दोनों में से किसी ने संन्यास नहीं लिया है।
इसके अलावा वेस्टइंडीज के कर्टनी वॉल्श और कर्टनी एंब्रोस ने आपस में एक जोड़ी के तौर पर 762 विकेट हासिल किए हुए हैं। वॉल्श ने अपने करियर में 519 विकेट लिए थे जबकि एंब्रोस ने 405 टेस्ट विकेट हासिल किए थे। फिलहाल अश्विन 93 टेस्ट मैचों में 479 विकेट हासिल कर चुके हैं और रविंद्र जडेजा ने 65 टेस्ट मैचों में 268 विकेट हासिल किए हुए हैं।












Click it and Unblock the Notifications