IND vs WI: ध्रुव जुरेल के बाद रवींद्र जडेजा ने भी जड़ा शतक, 61 साल बाद फिर बना अनोखा रिकॉर्ड, फैंस हैरान
IND vs WI 1st Test: वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले टेस्ट मैच के दूसरे दिन भारतीय बल्लेबाजों ने जबरदस्त दबदबा बनाया। दिन का खेल खत्म होने तक भारत ने पहली पारी में 5 विकेट के नुकसान पर 448 रन बना लिए हैं, और वेस्टइंडीज पर अब तक 286 रनों की विशाल बढ़त हासिल कर ली है। दूसरे दिन का आकर्षण रहे तीन शानदार शतक। केएल राहुल (100) और युवा विकेटकीपर ध्रुव जुरेल ने शतक जड़ा, जबकि ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा भी दिन के अंत तक शतक बनाकर नाबाद रहे।
भारत के लिए तीन बल्लेबाजों ने जड़ा शतक (IND vs WI 1st Test)
भारत ने दिन की शुरुआत 2 विकेट पर 121 रन से की और आज 327 रन जोड़े, जिसके लिए उसे केवल 3 विकेट गंवाने पड़े। शुभमन गिल (50), केएल राहुल और ध्रुव जुरेल आज आउट हुए, जबकि यशस्वी जायसवाल (36) और साई सुदर्शन (7) पहले ही पवेलियन लौट गए थे। स्टंप्स के समय जडेजा (104 रन) के साथ वॉशिंगटन सुंदर (9 रन) क्रीज पर मौजूद हैं। वेस्टइंडीज के लिए रोस्टन चेज ने दो विकेट लिए, जबकि जेडन सील्स, जोमेल वारिकन और खैरी पियरे को एक-एक सफलता मिली।

61 साल बाद हुआ ये कारनामा
इस पारी में यह दिलचस्प संयोग देखने को मिला कि केएल राहुल ठीक 100 रन बनाकर आउट हुए, जबकि युवा बल्लेबाज़ शुभमन गिल ने ठीक 50 रन बनाए। यह भारतीय टेस्ट क्रिकेट इतिहास में केवल दूसरी बार हुआ है जब किसी एक पारी में दो बल्लेबाजों ने सटीक 100 और 50 रन का स्कोर बनाया हो। इससे पहले यह कारनामा 61 साल पहले 1964 में हुआ था। उस समय एम.एल. जयसिम्हा ने 50 रन और बुद्धि कुंदरन ने 100 रन बनाए थे। यह मैच दिल्ली में इंग्लैंड के ख़िलाफ़ खेला गया था।
राहुल और गिल ने किया कमाल
राहुल और गिल दोनों ही अपनी पारियों को बड़े स्कोर में बदलने से चूक गए। केएल राहुल लंच के बाद पहले ही ओवर में जोमेल वारिकन की गेंद पर ठीक 100 रन बनाकर आउट हो गए। वहीं, शुभमन गिल ने रोस्टन चेज की गेंद पर रिवर्स स्वीप खेलने की कोशिश में अपना विकेट गंवा दिया और स्लिप में कैच आउट हो गए। इसके बावजूद दोनों के नाम एक खास रिकॉर्ड दर्ज हो गया है।












Click it and Unblock the Notifications