IND vs WI: जीत के बाद रोहित शर्मा ने बताई दो चीजें जहां टीम इंडिया और बेहतर कर सकती थी
नई दिल्लीः रोहित शर्मा ने अपनी वनडे कप्तानी की शुरुआत बहुत अच्छी की है क्योंकि भारतीय टीम ने उनकी कमान में वेस्टइंडीज को 6 विकेट से हराकर अपनी घरेलू जमीन पर हो रही तीन मैचों की वनडे सीरीज में विजयी शुरुआत की है। भारतीय टीम के लिए ऐतिहासिक 1000वें वनडे मुकाबले में मेन इन ब्लू ने 177 रनों के लक्ष्य का पीछा केवल 28 ओवर में ही कर लिया क्योंकि रोहित शर्मा ने ओपनिंग करते हुए 60 रन बनाकर एक मजबूत नींव रखी थी।

दो चीजें जहां टीम सुधार कर सकती थी-
मैच जीतने के बाद रोहित शर्मा ने कहा है कि हर मुकाबले में सुधार की गुंजाइश रहती है और वह कभी भी एक परफेक्ट गेम में यकीन नहीं करते हैं। रोहित ने पोस्ट मैच प्रेजेंटेशन में कहा कि, मैं परफेक्ट खेल में विश्वास नहीं रखता हूं क्योंकि आप परफेक्ट नहीं हो सकते हो, आपको लगातार सुधार करना है। यह जीत सबके अच्छे प्रयास से मिली है हमने सभी क्षेत्रों में अच्छा काम किया और इससे मैं काफी खुश हूं। हम चाहते तो कम विकेट गिरने पर भी जीत सकते थे तो यहां पर हम सुधार कर सकते थे। इसके अलावा हम वेस्टइंडीज के लोअर आर्डर को और अधिक दबाव में भी लाने का काम कर सकते थे।

मैं खिलाड़ियों से बस एक ही बात चाहता हूं-
हालांकि, 34 साल के रोहित ने अपने गेंदबाजों को श्रेय दिया है कि उन्होंने वेस्टइंडीज को 176 रनों पर समेट दिया। वे कहते हैं कि, मैं गेंदबाजों से उनका क्रेडिट नहीं लेना चाहता। हम चाहते हैं कि टीम लगातार बेहतर होती रहे। नए नवेले भारतीय कप्तान ने आगे कहा कि वह अपने खिलाड़ियों से एक ही बात चाहते हैं और वह है लगातार अपने आप को चुनौती देते रहना। रोहित कहते हैं कि, हमारा आखिरी लक्ष्य वही है जो एक टीम चाहती है। अगर टीम को हमसे कुछ अलग चाहिए तो हमको वह करना होगा अपने आप को बदलने की ज्यादा नहीं सोचनी है। मैं बस यह चाहता हूं कि हमारे खिलाड़ी खुद को चुनौती देते रहे।

2 महीने ना खेलकर भी बढ़िया लय में कैसे दिखे रोहित?
रोहित शर्मा लंबे समय बाद भारतीय क्रिकेट में वापस आए हैं क्योंकि उन्होंने पूरा दक्षिण अफ्रीका का दौरा मिस किया था जहां पर तीन टेस्ट मैच और तीन वनडे मैच खेले गए थे। लेकिन रोहित की बल्लेबाजी में एक बार भी नहीं लगता कि उन्होंने लंबा ब्रेक लिया है। इसके बारे में बात करते हुए रोहित कहते हैं कि, पिछले 2 महीने से नहीं खेला हूं लेकिन मुझे पता है आगे लंबा सीजन आ रहा है और मैंने नेट में भी काफी प्रेक्टिस की है। घर पर गेंद को हिट करने का प्रयास कर रहा था।

टॉस का खेल नहीं चाहते रोहित शर्मा-
इसके अलावा भारतीय क्रिकेट कप्तान ने यह साफ किया है कि वे टॉस के ऊपर बिल्कुल भी निर्भर नहीं रहना चाहते। यहां रोहित ने टॉस जीतकर गेंदबाजी करने का फैसला किया था और इसके बारे में बात करते हुए कहते हैं कि, हम इस मैच से काफी पॉजिटिव चीजें ले सकते हैं। पिच ने कुछ किया है, यह शुरू में कुछ नरम थी। लेकिन मैं नहीं चाहता टॉस मैच में भूमिका निभाए और हम इस पर निर्भर नहीं रहना चाहते। लेकिन अगर आप पर निर्भर हैं तो आपको इसका फायदा भी उठाना होगा।












Click it and Unblock the Notifications