टी20 वर्ल्ड कप के लिए ऑस्ट्रेलिया जाएंगे संजू सैमसन? रोहित शर्मा ने दिया बड़े सवाल का जवाब
लखनऊ, 24 फरवरी: भारतीय क्रिकेट टीम श्रीलंका के खिलाफ पहले टी-20 मुकाबले में संजू सैमसन को लेकर उतरी। हालांकि केरल के इस बल्लेबाज की बैटिंग नहीं आ पाई क्योंकि टीम इंडिया के टॉप आर्डर ने कमाल का प्रदर्शन किया जिसके चलते भारत ने पहले बल्लेबाजी करने के दौरान 20 ओवर में 2 विकेट के नुकसान पर 199 रनों का पहाड़ सरीखा स्कोर खड़ा कर दिया। संजू सैमसन से ऊपर टीम मैनेजमेंट ने रविंद्र जडेजा को भेजा था जिन्होंने चोट के बाद इंटरनेशनल क्रिकेट में फिर से वापसी की है।

विश्वकप के लिए आस्ट्रेलिया जाएंगे या फिर नहीं
संजू सैमसन का टीम इंडिया में होना बताता है कि वह विश्वकप की योजनाओं में एक अहम हिस्सा रखते हैं लेकिन बड़ा सवाल यह है कि क्या वे इस साल के इस साल के अंत में होने वाले विश्वकप के लिए आस्ट्रेलिया जाएंगे या फिर नहीं।
जब रोहित शर्मा से बुधवार को यह सवाल पूछा गया तो उन्होंने इसका जवाब दिया। रोहित शर्मा ने श्रीलंका के खिलाफ पहले टी-20 मैच से पहले वर्चुअल प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा था कि संजू सैमसन जिस तरीके से शॉट खेलते हैं उसके हिसाब से वह ऑस्ट्रेलिया में खास तौर पर अहम हो सकते हैं।

रोहित शर्मा ने दिया जवाब-
संजू सैमसन केरला के घरेलू क्रिकेट में खेलते हैं और इंडियन प्रीमियर लीग में राजस्थान रॉयल्स की टीम का हिस्सा है। उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ इस मुकाबले से पहले पिछली गर्मियों में इसी टीम के खिलाफ द्विपक्षीय सीरीज खेली थी। अब लंबे समय बाद उनकी टीम इंडिया में फिर वापसी हुई है।
रोहित शर्मा ने रिपोर्टरों से बात करते हुए बताया, "इस खिलाड़ी के पास टैलेंट है, मैंने उनको आईपीएल में जब भी बल्लेबाजी करते हुए देखा है तो उन्होंने ऐसी पारियां खेली है कि लोग केवल आसमान को ही निहारते रह जाते हैं। उनके पास सफल होने के लिए हर तरह की क्षमता मौजूद है। कई लोगों के पास कौशल होता है, कई लोगों के पास टैलेंट होता है, लेकिन आप किस तरीके से उसको इस्तेमाल करते हो यही खेल का सबसे महत्वपूर्ण भाग होता है।"

संजू सैमसन के ऊपर बड़ी जिम्मेदारी छोड़ दी-
रोहित आगे कहते हैं कि यह अब संजू सैमसन के ऊपर है कि वे अपनी क्षमताओं को किस तरीके से इस्तेमाल करते हैं और अपने कौशल का कितना अधिकतम इस्तेमाल कर सकते हैं। रोहित ने कहा कि टीम मैनेजमेंट के तौर पर हमने उन्हें काफी संभावनाएं देखी है, बहुत प्रतिभा देखी है। हमने उस खिलाड़ी के अंदर बहुत ज्यादा मैच जिताऊ क्षमता भी देखी है। मैं उम्मीद करता हूं कि हम उन्हें आत्मविश्वास दें, जब भी उनको मौका मिले, जब भी वह हमारे लिए खेलें तो उनको कॉन्फिडेंस देना अहम है और मैं यह भी उम्मीद करता हूं कि वह इस बात को समझते हैं।

ऑस्ट्रेलिया में काम के साबित होंगे संजू- रोहित शर्मा
रोहित शर्मा ने कहा कि निश्चित तौर पर T20 वर्ल्ड कप के लिए संजू सैमसन को टीम अपनी योजनाओं में रख रही है। रोहित के अनुसार, संजू सैमसन निश्चित तौर पर हमारे विचार में हैं। इसी वजह से वह टीम का हिस्सा है। उनका बैक फुट बहुत अच्छा है। आपने उनके आईपीएल में लगाए शॉट देखे होंगे। किस तरीके से वे पुल, कट शॉट खेलते हैं और गेंदबाज के ऊपर से भी खेल लेते हैं। इस तरह के शॉट खेलना आसान नहीं है। मुझे लगता है जब आप ऑस्ट्रेलिया में जाते हो तब इस तरह की शॉट खेलने की क्षमता बहुत काम आने वाली है जो संजू सैमसन में निश्चित तौर पर मौजूद है। मैं उन्हें बेस्ट विश करता हूं और उम्मीद करता हूं कि वे अपनी क्षमताओं का अधिकतम उपयोग कर पाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications