IND vs SL: 2019 से खेल रहे शुभमन गिल का 15 वनडे के बाद टी20 डेब्यू, शिवम मावी को पहली ही बार में मौका
श्रीलंका के खिलाफ पहले टी20 मैच में शुभमन गिल और शिवम मावी को टी20 डेब्यू का मौका मिला है। शिवम मावी को पहली बार भारतीय टीम में चुना गया है।

भारत और श्रीलंका के बीच तीन टी20 मैचों की सीरीज के पहले मुकाबले में श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। अपने घर में पहली बार कप्तानी कर रहे हार्दिक पांड्या ने प्लेइंग इलेवन में शुभमन गिल और शिवम मावी को शामिल किया है। इन दोनों खिलाड़ियों को आज टी20 डेब्यू करने का मौका मिला है। शुभमन गिल को टीम के उपकप्तान सूर्यकुमार यादव ने और शिवम मावी को कप्तान हार्दिक पंड्या ने डेब्यू कैप दी है। तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह को प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिली है।
शुभमन गिल का 15 वनडे के बाद टी20 डेब्यू
आपको बता दें कि शिवम मावी को जहां पहली बार टीम इंडिया में सेलेक्ट किया गया है तो वहीं शुभमन गिल 3 साल से भारत के लिए क्रिकेट खेल रहे हैं, लेकिन अब जाकर उन्हें टी20 डेब्यू करने का मौका मिला है। 2019 में भारत के लिए अपना अंतरराष्ट्रीय डेब्यू करने वाले शुभमन गिल ने अभी तक 13 टेस्ट मैच और 15 वनडे मैच खेले हैं। शुभमन गिल ने भारत के लिए पिछले कुछ महीनों के अंदर वनडे फॉर्मेट में शानदार बल्लेबाजी की है। तभी से उन्हें टी20 में भी ओपनर के तौर पर पेश करने की मांग उठने लगी थी।
4 साल बाद साथ खेल रहे हैं मावी और गिल
आपको बता दें कि शिवम मावी और शुभमन गिल 4 साल के बाद फिर से एकसाथ भारत के लिए खेल रहे हैँ। दरअसल, यह दोनों खिलाड़ी 2018 में अंडर 19 वर्ल्ड टीम का हिस्सा थे। भारत ने उस साल विश्व कप जीता था। शिवम मावी की बात करें तो इस गेंदबाज ने घरेलू क्रिकेट में अपने प्रदर्शन से प्रभावित किया है। शिवम मावी ने हाल ही में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के 7 मुकाबलों में 6.64 की इकॉनमी रेट से 10 विकेट हासिल किए। उनके इसी प्रदर्शन के आधार पर उनका सेलेक्शन भारतीय टीम में हुआ है। शिवम मावी को इस साल गुजरात टाइटंस ने 6 करोड़ रुपए में खरीदा है। वो इससे पहले कोलकाता नाइट राइडर्स का हिस्सा थे।












Click it and Unblock the Notifications