IND vs SL: संजू सैमसन टी20 सीरीज से बाहर, नया खिलाड़ी भारतीय टीम में शामिल
श्रीलंका के खिलाफ पहले टी20 मैच में फील्डिंग करते समय संजू सैमसन चोटिल हो गए थे। घुटने में चोट के कारण सैमसन अगले दोनों मैचों से बाहर हो गए हैं।

IND vs SL, Sanju Samson: श्रीलंका के खिलाफ तीन टी20 मैचों की सीरीज के बचे हुए दो मैचों से संजू सैमसन बाहर हो गए हैं। सैमसन को चोट के कारण बाहर होना पड़ा है। बीसीसीआई ने सैमसन के बाहर होने की पुष्टि की है। बोर्ड ने अपनी वेबसाईट पर इस बारे में जानकारी प्रदान की है। श्रीलंका के खिलाफ पहले टी20 मैच में फील्डिंग के दौरान सैमसन को चोट लग गई थी। इसके बाद वह टीम के साथ दूसरे मैच के लिए पुणे नहीं गए। जितेश शर्मा को उनकी जगह टीम में लिया गया है।
बीसीसीआई ने कहा कि टीम इंडिया के विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन श्रीलंका के खिलाफ 3 मैचों की टी20 सीरीज के बाकी मैचों से बाहर हो गए हैं। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच के दौरान बाउंड्री रोप के पास गेंद पकड़ने का प्रयास करते हुए उनके घुटने में चोट लग गई थी। बीसीसीआई की मेडिकल टीम आज दोपहर उन्हें स्कैन और विशेषज्ञ राय के लिए मुंबई ले गई। उन्हें आराम और रिहैबिलिटेशन की सलाह दी गई है।
भारतीय बोर्ड ने यह भी बताया कि ऑल इंडिया सीनियर चयन समिति ने संजू सैमसन की जगह जितेश शर्मा को टीम में शामिल किया है। श्रीलंका के खिलाफ दूसरा टी20 मैच पुणे में 5 जनवरी को खेला जाएगा। गौरतलब है कि मुंबई में खेला गया पहला मैच टीम इंडिया ने दो रन से जीता था। सैमसन बाउंड्री पर स्लाइड करते हुए घुटने में चोट लगवा बैठे थे।
अपडेटेड भारतीय टी20 टीम
हार्दिक पांड्या (कप्तान), इशान किशन (विकेटकीपर), रुतुराज गायकवाड़, शुभमन गिल, सूर्यकुमार यादव (उपकप्तान), दीपक हुड्डा, राहुल त्रिपाठी, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, युजवेंद्र चहल, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, हर्षल पटेल , उमरान मलिक, शिवम मावी, मुकेश कुमार।












Click it and Unblock the Notifications