IND vs SL: हिटमैन रोहित नहीं खेलेंगे? श्रीलंका के खिलाफ सीरीज में दो भारतीय खिलाड़ी होंगे बाहर
रोहित शर्मा अंगूठे की चोट से ठीक नहीं हो पाए हैं। केएल राहुल भी खास कारण से श्रीलंका के खिलाफ टीम से बाहर हो जाएंगे।

IND vs SL: श्रीलंका के खिलाफ घरेलू सीरीज के लिए भारतीय टीम की घोषणा होनी है और इसमें कुछ बदलाव देखने को मिल सकते हैं। रोहित शर्मा इस बार भी टीम से बाहर रह सकते हैं। इसके अलावा केएल राहुल को भी किसी खास कारण से बाहर किया जा सकता है। श्रीलंका के खिलाफ टीम इंडिया जनवरी में सीमित ओवर क्रिकेट सीरीज खेलेगी। दोनों प्रारूप में मुकाबले खेले जाएंगे। पहले सबसे छोटे प्रारूप में सीरीज खेली जानी है।
एएनआई ने सूत्रों के अनुसार अपनी रिपोर्ट में कहा है कि बांग्लादेश में वनडे सीरीज के दौरान रोहित शर्मा के अंगूठे में चोट लग गई थी और वह पूरी तरह से रिकवर नहीं हो पाए हैं। इसके अलावा श्रीलंका के खिलाफ सीरीज के समय ही केएल राहुल की शादी होनी है। ऐसे में राहुल भी टीम से बाहर होंगे। हालांकि केएल राहुल के लिए साल 2022 बल्ले से अच्छा नहीं रहा है।
भारतीय टीम में चोट के बाद कुछ खिलाड़ियों की वापसी के पूरे आसार हैं। इनमें रविन्द्र जडेजा और जसप्रीत बुमराह का नाम सबसे पहले आता है। पिछले कुछ समय से दोनों खिलाड़ी चोट के कारण टीम से बाहर थे। अब श्रीलंका के खिलाफ उनकी वापसी हो सकती है। रोहित शर्मा की चोट को लेकर मैनेजमेंट किसी तरह का रिस्क नहीं लेना चाहता, लिहाजा उनको टीम से बाहर रखा जा सकता है।
इसके अलावा हार्दिक पांड्या को टी20 प्रारूप में कप्तानी करने का मौका मिल सकता है। श्रीलंका के खिलाफ टी20 सीरीज सबसे पहले खेली जानी है। इसके बाद वनडे प्रारूप में मुकाबले खेले जाएंगे। हार्दिक पांड्या को न्यूजीलैंड दौरे पर टीम इंडिया का कप्तान बनाया गया था। उन्होंने वहां सीरीज भी जीती थी।
भारत और श्रीलंका के बीच 3 जनवरी से टी20 सीरीज की शुरुआत होनी है। दूसरा मैच 5 और तीसरा मैच 7 जनवरी को खेला जाएगा। वनडे सीरीज का पहला मुकाबला 10 जनवरी को होगा। इसके बाद 12 जनवरी और 15 जनवरी को अगले दोनों मैच खेला जाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications