जसप्रीत बुमराह की वापसी फिर टली, श्रीलंका के खिलाफ वनडे सीरीज से हुए बाहर
जसप्रीत बुमराह अपनी चोट की वजह से एकबार फिर टीम से बाहर हो गए हैं। बुमराह को चयनकर्ताओं ने 3 जनवरी को श्रीलंका के खिलाफ वनडे टीम में शामिल किया था।
टीम इंडिया में तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की वापसी एकबार फिर से टल गई है। दरअसल, बुमराह को श्रीलंका के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए टीम में शामिल कर लिया गया था, लेकिन सीरीज का आगाज होने से ठीक पहले बीसीसीआई ने अपडेट दिया है कि बुमराह अभी पूरी तरह से फिट नहीं हैं और वो श्रीलंका के खिलाफ वनडे सीरीज नहीं खेल पाएंगे। बता दें की बुमराह को 5 महीने बाद टीम में वापस लिया गया था, लेकिन चोट से पूरी तरह ठीक नहीं होने की वजह से उन्हें फिर टीम से बाहर कर दिया गया है।

3 जनवरी को बुमराह की हुई थी टीम में वापसी
आपको बता दें कि श्रीलंका के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए 27 दिसंबर को जब टीम का ऐलान हुआ था तो उस वक्त बुमराह टीम का हिस्सा नहीं थे, लेकिन 3 जनवरी को चयनकर्ताओं ने बुमराह को फिट बताते हुए उन्हें टीम में शामिल कर लिया था, लेकिन अब फिर बोर्ड की तरफ से बताया गया है कि बुमराह अभी चोट से पूरी तरह रिकवर नहीं हो पाए हैं, इसलिए उन्हें सीरीज से बाहर किया जा रहा है। यहां बोर्ड की मंशा पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। बोर्ड पर सवाल उठ रहे हैं कि क्या बुमराह की वापसी को लेकर बोर्ड जल्दबाजी कर रहा है?

टीम के साथ गुवाहटी नहीं पहुंचे बुमराह
3 जनवरी को जब बोर्ड की ओर से बुमराह की वापसी का ऐलान किया गया था तो उस वक्त बोर्ड ने कहा था कि बुमराह अभी रिहैबिलिटेशन से गुजर रहे हैं और वो अभी एनसीए में हैं। एनसीए की ओर से उन्हें फिट घोषित कर दिया गया है, वो जल्द ही टीम इंडिया की वनडे टीम में शामिल होंगे, लेकिन जब रविवार को भारतीय टीम श्रीलंका के खिलाफ पहले वनडे के लिए गुवाहटी पहुंची तो बुमराह टीम के साथ नहीं थे और अब बोर्ड की तरफ से यह ऐलान किया गया है कि वो श्रीलंका के खिलाफ वनडे सीरीज नहीं खेलेंगे।

सितंबर 2022 से चोटिल हैं बुमराह
आपको बता दें कि जसप्रीत बुमराह सितंबर 2022 के बाद से ही टीम इंडिया से बाहर हैं। उन्हें ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज के दौरान पीठ में चोट लगी थी, जिसके बाद उन्हें एशिया कप और टी20 वर्ल्ड कप जैसे दो बड़े टूर्नामेंट से बाहर होना पड़ा था। बुमराह फिलहाल एनसीए बेंगलुरु में ही हैं, जहां वो रिहैब कर रहे हैं। बुमराह के बाहर होने के बाद टीम में उनके विकल्प को लेकर भी चर्चाएं शुरू हो गई हैं। माना जा रहा है कि बुमराह की जगह प्लेइंग इलेवन में उमरान मलिक को शामिल किया जा सकता है।












Click it and Unblock the Notifications