IND vs SL: 6 विकेट लेने के बाद बोले मोहम्मद सिराज, बताया क्या रणनीति बनाकर की गेंदबाजी
Mohammed Siraj: श्रीलंका के खिलाफ एशिया कप के फाइनल मैच में भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज ने तहलका मचा दिया। टीम इंडिया ने श्रीलंकाई टीम को 10 विकेट से पराजित करते हुए आठवीं बार एशिया कप का खिताब अपने नाम कर लिया। सिराज ने 6 विकेट झटके।
अपनी धमाकेदार गेंदबाजी के बाद सिराज ने कहा कि यह सपना पूरा होने जैसा है। सिराज ने कहा कि पिछली बार श्रीलंका के खिलाफ मैंने त्रिवेंद्रम में भी ऐसा ही किया था। उस समय मैंने 4 विकेट जल्दी हासिल किये थे। इसके बाद पांचवां विकेट हासिल नहीं कर पाया था। अहसास हुआ कि जो आपकी किस्मत में है, वही मिलता है।

सिराज ने कहा कि आज गेंद स्विंग ज्यादा हो रही थी। मुझे आउटस्विंग से ज्यादा विकेट हासिल हुए थे। मैं बल्लेबाजों को ड्राइव कराना चाहता था। सिराज ने यह भी कहा कि मैंने ज्यादा कुछ करने का प्रयास नहीं किया, मैं सफेद गेंद क्रिकेट में स्विंग चाहता था जो पिछले मैचों में मुझे प्राप्त नहीं हुई।
गौरतलब है कि सिराज ने श्रीलंकाई टीम को एक के बाद एक कई झटके दिए। इसके बाद श्रीलंका को वापसी करने का मौका नहीं मिल पाया। सिराज ने एक ही ओवर में चार विकेट हासिल किये। इंटरनेशनल क्रिकेट में भारत के लिए एक ओवर में चार विकेट लेने वाले वह पहले गेंदबाज बन गए।
सिराज के बाद हार्दिक पांड्या ने भी मोर्चा संभाल लिया। हार्दिक पांड्या ने श्रीलंका के पुछल्ले बल्लेबाजों को निपटाने का जिम्मा लिया। वह तीन विकेट हासिल करने में सफल रहे और श्रीलंकाई टीम को सोलहवें ओवर में ही महज 50 रन के कुल स्कोर पर आउट कर दिया।
भारतीय टीम ने महज 37 गेंदों में लक्ष्य हासिल कर लिया। टीम इंडिया ने गेंदों के हिसाब से सबसे बड़ी जीत दर्ज की। भारत ने 263 गेंद शेष रहते मैच जीता। ईशान किशन और शुभमन गिल बल्लेबाजी करने के लिए आए थे। दोनों ने बिना कोई विकेट गंवाए टीम इंडिया को मुकाबले में जीत दिला दी।












Click it and Unblock the Notifications