Ind vs SL: अक्षर पटेल को प्लेइंग 11 में मिलेगा मौका! पंत-कार्तिक को लेकर फिर असमंजस में होंगे रोहित शर्मा
सुपर चार के अपने पहले मैच में पाकिस्तान से हारने के बाद अब टीम इंडिया का सामना श्रीलंका से होगा। मंगलवार को यह मैच दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम, दुबई में खेला जाएगा।
नई दिल्ली, 5 सितंबर: सुपर चार के अपने पहले मैच में पाकिस्तान से हारने के बाद अब टीम इंडिया का सामना श्रीलंका से होगा। मंगलवार को यह मैच दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम, दुबई में खेला जाएगा। फाइनल में प्रवेश करने के लिए भारत को श्रीलंका और अफगानिस्तान को हर हाल में हराना होगा। अगर भारत इनमें से एक भी मुकाबला हार जाता है तो उनका एशिया कप 2022 का सफर वहीं थम जाएगा। ऐसे में श्रीलंका के खिलाफ 6 सितंबर को होने वाले मैच में भारतीय टीम हर हाल में जीत दर्ज करना चाहेगी। टीम मैनेजमेंट इस मैच के लिए प्लेइंग 11 में कुछ बदलाव भी कर सकता है। जडेजा के बाहर होने के बाद टीम में आए अक्षर को प्लेइंग 11 में मौका मिल सकता है।

टॉप ऑर्डर में नहीं होगा बदलाव
भारतीय टॉप ऑर्डर में बदलाव की जरा भी गुंजाइश नजर नहीं आती है। ऐसे में श्रीलंका के खिलाफ रोहित शर्मा और केएल राहुल पारी की शुरुआत करेंगे। पाकिस्तान के खिलाफ इस सलामी जोड़ी ने शानदार शुरुआत दी थी, हालांकि भारत का मिडिल ऑर्डर इस मुकाबले में कुछ खास कमाल नहीं कर सका था। तीसरे नंबर पर विराट कोहली बल्लेबाजी करते नजर आएंगे। पाकिस्तान के खिलाफ कोहली ने 44 गेंदों पर 60 रन की शानदार पारी खेली थी। चौथे नंबर पर सूर्यकुमार यादव बैटिंग करने आ सकते हैं। वहीं पांचवें नंबर पर ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या मैदान पर नजर आएंगे।

पंत-कार्तिक में किसे मिलेगा मौका
दिनेश कार्तिक और ऋषभ पंत को लेकर भारतीय टीम मैनेजमेंट एक बार फिर असमंजस की स्थिति में होगा। पंत को पाकिस्तान के खिलाफ मौका मिला पर वह इसे भुना नहीं पाए। उन्होंने 12 गेंदों पर 14 रन की पारी खेली। वहीं दिनेश कार्तिक पाकिस्तान के खिलाफ पहले मैच में 1 रन बनाकर नाबाद रहे थे, दूसरी ओर हांगकांग के खिलाफ उन्हें बल्लेबाजी करने का मौका ही नहीं मिला था। हालांकि आईपीएल के बाद से ही डीके शानदार फॉर्म में हैं। 7वें नंबर पर दीपक हुड्डा बल्लेबाजी करते नजर आ सकते हैं। हुड्डा पार्ट टाइम स्पिनर भी हैं, ऐसे में वह टीम को एक-दो ओवर गेंदबाजी भी करके दे सकते हैं।

अक्षर पटेल को मिलेगा मौका
रवींद्र जडेजा चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। ऐसे में उनकी जगह अक्षर पटेल को टीम में शामिल किया गया है। हालांकि पाकिस्तान के खिलाफ उन्हें अक्षर को प्लेइंग 11 में मौका नहीं मिला था। ऐसे में इस बात की पूरी संभावना है कि श्रीलंका के खिलाफ पटेल प्लेइंग 11 में नजर आएंगे। 8वें नंबर पर अक्षर गेंदबाजी के साथ ही भारतीय बल्लेबाजी क्रम को भी मजबूती प्रदान करेंगे। इसके बाद तेज गेंदबाजी की जिम्मेदारी पांड्या, भुवनेश्वर कुमार और अर्शदीप सिंह के कंधों पर होगी। वहीं स्पिन डिपार्टमेंट अक्षर के अलावा युजवेंद्र चहल और रवि बिश्नोई में से कोई एक संभाल सकता है।

दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग 11
- भारत: रोहित शर्मा (कप्तान), केएल राहुल (उपकप्तान), विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पांड्या, दिनेश कार्तिक (विकेटकीपर), दीपक हुड्डा, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, भुवनेश्वर कुमार, रवि बिश्नोई / युजवेंद्र चहल।
- श्रीलंका: पथुम निसानका, कुसल मेंडिस, चरित असलंका, दनुष्का गुणथिलका, दासुन शनाका (कप्तान), भानुका राजपक्षे, वनिन्दु हसरंगा, चमिका करुणारत्ने, महेश तीक्षाना, असिथा फर्नांडो, दिलशान मधुशंका।

दोनों टीमें इस प्रकार हैं
- भारत: रोहित शर्मा (कप्तान), केएल राहुल (उपकप्तान), विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, दीपक हुड्डा, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), दिनेश कार्तिक (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या, अक्षर पटेल, आर अश्विन, युजवेंद्र चहल , रवि बिश्नोई, भुवनेश्वर कुमार, अर्शदीप सिंह, अवेश खान।
- श्रीलंका: दसुन शनाका (कप्तान), दनुष्का गुणथिलका, पथुम निसंका, कुसल मेंडिस, चरित असलंका, भानुका राजपक्षे, आशेन बंडारा, धनंजया डी सिल्वा, वनिन्दु हसरंगा, महेश थीक्षाना, जेफरी वेंडरसे, प्रवीण जयविक्रमा, चमिका करुणारत्ने, मथी पटुस फर्नांडो, नुवान तुषारा, दिनेश चांदीमल।












Click it and Unblock the Notifications