एबी डीविलियर्स ने की विराट कोहली की तारीफ और दिनेश कार्तिक ने दिया मजेदार जवाब
श्रीलंका के खिलाफ अंतिम एकदिवसीय मुकाबले में टीम इंडिया ने धमाकेदार जीत दर्ज की थी। कोहली के शतक के बाद डीविलियर्स ने प्रतिक्रिया दी।

IND vs SL 3rd ODI (भारत बनाम श्रीलंका): श्रीलंका के खिलाफ तीसरे एकदिवसीय मैच में 317 रनों से रिकॉर्ड जीत दर्ज कर भारतीय टीम ने इतिहास रच दिया। भारतीय टीम की इस जीत में विराट कोहली की शतकीय पारी का अहम योगदान रहा। विराट कोहली ने नाबाद 166 रनों की तूफानी पारी खेलते हुए टीम इंडिया को बड़े स्कोर तक पहुंचाया और वहां से श्रीलंका की हार निश्चित नजर आ रही थी। विराट कोहली के खास दोस्तों में से एक एबी डीविलियर्स ने भी उनकी बैटिंग की सराहना की है। डीविलियर्स की प्रतिक्रिया के बाद दिनेश कार्तिक ने भी एक मजेदार रिएक्शन दिया है।

एबी डीविलियर्स और कार्तिक की प्रतिक्रिया
आरसीबी में विराट कोहली के साथ काफी समय तक आईपीएल खेलने वाले दक्षिण अफ्रीका के पूर्व दिग्गज खिलाड़ी एबी डीविलियर्स ने कोहली की तारीफ में लिखा कि विराट कोहली का एक अलग ही स्तर है। इसके बाद दिनेश कार्तिक भी पीछे नहीं रहे। कार्तिक ने भी जवाब में लिखा कि इसे वीरा (VERA) लेवल कहा जाता है। विराट कोहली से पूछना, वह आपको बता देंगे। आईपीएल में मिलते हैं।

विराट कोहली का 46वां वनडे शतक था
विराट कोहली ने धुआंधार बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंका के गेंदबाजों को जमकर धोया। विराट कोहली ने 85 गेंदों पर अपना 46वां वनडे शतक पूरा कर लिया। वह 110 गेंदों में 166 रन बनाकर नाबाद रहे। पिछले चार एकदिवसीय मुकाबलों में विराट कोहली का यह तीसरा शतक था। श्रीलंका के खिलाफ वनडे सीरीज के तीन मैचों में उनका यह दूसरा शतक था। सचिन तेंदुलकर के 49 एकदिवसीय शतकों के आंकड़े से वह अब महज 3 शतक दूर हैं।

भारतीय टीम की घातक गेंदबाजी
भारतीय टीम से मिले 391 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंका की टीम ताश के पत्तों की तरह बिखर गई। श्रीलंका की टीम 22 ओवर खेलने के बाद मात्र 73 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। भारतीय टीम के लिए मोहम्मद सिराज ने खतरनाक गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट हासिल किए। उनके अलावा मोहम्मद शमी और कुलदीप यादव को भी दो-दो विकेट मिले। इस तरह टीम इंडिया ने तीन मैचों की सीरीज में श्रीलंका को क्लीन स्वीप कर दिया।












Click it and Unblock the Notifications