IND vs SA: जीत की कगार पर पहुंच कर हारा भारत, साउथ अफ्रीका ने वनडे सीरीज में किया सूपड़ा साफ

नई दिल्ली। भारत और साउथ अफ्रीका के बीच खेली जा रही 3 मैचों की सीरीज का अंत रविवार को केपटाउन के मैदान पर खेले गये आखिर वनडे मैच के साथ हुआ जहां पर फैन्स को बेहद रोमांचक मैच देखने को मिला, जिसमें कभी भारत जीत की ओर आगे बढ़ती नजर आयी तो कभी साउथ अफ्रीका, हालांकि अंत में साउथ अफ्रीका की टीम ने 4 रनों से रोमांचक जीत हासिल करते हुए भारत को वनडे सीरीज में 3-0 से क्लीन स्वीप कर दिया है। इससे पहले भारत को आखिरी बार न्यूजीलैंड के खिलाफ 2020 में उन्ही के घर पर क्लीन स्वीप का सामना करना पड़ा था जो कि भारतीय टीम को करीब 3 दशक बाद मिला था।
और पढ़ें: अभी 2 साल और टेस्ट की कप्तानी कर सकते थे कोहली, रवि शास्त्री ने बताया कौन बने अगला कप्तान
भारतीय क्रिकेट के इतिहास में यह पांचवा ही मौका रहा जब उसे 3 या उससे ज्यादा मैचों की वनडे सीरीज में क्लीन स्वीप का सामना करना पड़ा है। साउथ अफ्रीका की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 49.5 ओवर्स में 287 रनों का स्कोर खड़ा किया जिसके जवाब में भारतीय टीम 49.2 ओवर्स में 283 रन ही बना सकी और 4 रन से मैच हार गई और सीरीज को 3-0 से गंवा दिया। इस हार के साथ ही भारत का साल 2022 में पहली अंतर्राष्ट्रीय जीत का इंतजार अभी भी बरकरार है। भारत नये साल में अब तक 5 मैच खेल चुका है जिसमें से उसे एक में भी जीत नहीं मिल सकी है।
और पढ़ें: शादी की वजह से खराब हुई विराट कोहली की फॉर्म, शोएब अख्तर ने दिया विवादित बयान

डिकॉक-दुसैं ने करायी साउथ अफ्रीका की वापसी
भारतीय टीम इस मैच में 4 बदलाव के साथ उतरी थी जिसमें कप्तान केएल राहुल ने शार्दुल ठाकुर की जगह दीपक चाहर, भुवनेश्वर कुमार की जगह प्रसिद्ध कृष्णा, वेंकटेश अय्यर की जगह सूर्यकुमार यादव और रविचंद्रन अश्विन की जगह जयंत यादव को मौका दिया गया। कप्तान केएल राहुल ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया और दीपक चाहर के दम पर अच्छी शुरुआत भी की।
भारतीय टीम ने 70 रन के स्कोर पर साउथ अफ्रीका के 3 विकेट चटका दिये थे, हालांकि यहां से क्विंटन डिकॉक (124) और रैसी वान डार दुसैं (52) ने पारी को संभाला और चौथे विकेट के लिये 142 रनों की साझेदारी कर डाली। इन दोनों खिलाड़ियों की बल्लेबाजी के दम पर साउथ अफ्रीका की टीम ने 35 ओवर्स में ही 200 रन के स्कोर को पार कर दिया। हालांकि यहां पर भारतीय गेंदबाजों ने टीम की वापसी करा दी और 49.5 ओवर्स में 287 रन पर समेट दिया।

धवन-कोहली ने दी अच्छी शुरुआत, पर मध्यक्रम ने किया निराश
जवाब में भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने 5वें ओवर की पहली ही गेंद पर कप्तान केएल राहुल (9) का विकेट खो दिया। यहां से शिखर धवन (61) और विराट कोहली (65) ने दूसरे विकेट के लिये 98 रनों की साझेदारी करते हुए अपने-अपने अर्धशतक पूरे कर लिये। एंडिले फेकलुक्वायो ने शिखर धवन को डिकॉक के हाथों कैच कराकर वापस पवेलियन भेज दिया। वहीं इसी ओवर में बल्लेबाजी करने आये ऋषष पंत भी आखिरी गेंद पर कैच थमाकर वापस पवेलियन लौट गये।
श्रेयस अय्यर (26) और विराट कोहली ने पारी को संभालने की कोशिश करते हुए 38 रन जोड़े ही थे कि केशव महाराज ने कोहली का विकेट लेकर साझेदारी को तोड़ दिया। इसके बाद सूर्यकुमार यादव (39) और अय्यर के बीच 39 रनों की साझेदारी हुई और इस बार मंगला ने पार्टनरशिप को तोड़ने का काम किया। यहां से भारतीय टीम लड़खड़ा गई और 223 रन के स्कोर पर उसने अपने 7 विकेट खो दिये।

चाहर ने करायी जीत की दहलीज पर वापसी, पर फिर भी हारा भारत
ऐसा लग रहा था कि अब भारतीय टीम का हारना पूरी तरह से तय है लेकिन दीपक चाहर (54) और जसप्रीत बुमराह ने 8वें विकेट के लिये नाबाद 55 रनों की साझेदारी कर अपनी टीम को जीत की दहलीज पर पहुंचा दिया। दीपक चाहर ने अपनी पारी में 33 गेंदों का सामना कर 5 चौके और 2 छक्के लगाये और हार की कगार से टीम को जीत की दहलीज पर पहुंचा दिया। दीपक चाहर ने अपने वनडे करियर का दूसरा अर्धशतक लगाया और टीम को जीत के करीब पहुंचाया। इससे पहले श्रीलंका के खिलाफ भी दीपक चाहर ने अर्धशतकीय पारी खेलकर हारे हुए मैच में जीत दिलाई थी।
हालांकि लंगी एंगिडी ने दीपक चाहर का विकेट लेकर अपनी टीम की वापसी करा दी और जीत से 10 रन दूर खड़ी भारतीय टीम ने अगले 5 रन के अंदर अपने 3 विकेट खो दिये और 4 रन से मैच हार गये। लुंगी एंगिडी और फेकलुक्वाक्यो ने 3-3 विकेट अपने नाम किये तो वहीं ड्वेन प्रेटॉरियस ने 2 विकेट चटकाये।












Click it and Unblock the Notifications