'आकाशदीप-प्रसिद्ध कृष्णा को नजरंदाज नहीं कर सकते,' गिल ने शमी को बाहर रखने पर दिया चौंकाने वाला बयान
IND vs SA: मोहम्मद शमी लगातार भारतीय क्रिकेट टीम से बाहर चल रहे हैं और उनको लेकर हंगामा भी काफी हुआ है। बीसीसीआई के ऊपर लोगों ने निशाना साधने का काम किया है। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज में भी उनको टीम में शामिल नहीं किया गया है। शुभमन गिल ने शमी को जगह नहीं मिलने को लेकर अहम प्रतिक्रिया दी है।
शुभमन गिल ने कोलकाता टेस्ट से एक दिन पहले टीम इंडिया में तेज गेंदबाजों को लेकर कहा कि अन्य खिलाड़ियों के प्रदर्शन को नकारा नहीं जा सकता है। हालांकि उन्होंने शमी को भी एक बेहतरीन गेंदबाज बताया।

गिल ने एक प्रेस वार्ता में कहा कि शमी भाई जैसी क्वालिटी के गेंदबाज़ बहुत कम हैं। लेकिन हम अक्षदीप और प्रसिद्ध जैसे खिलाड़ियों के प्रदर्शन को नज़रअंदाज़ नहीं कर सकते। बुमराह और सिराज भी अच्छा कर रहे हैं, जैसा कि हमने देखा है। इस बात पर भी नज़र रख रहे हैं कि अगली टेस्ट सीरीज़ हम कहाँ खेलने वाले हैं। इस पर चयनकर्ता बेहतर जवाब दे पाएंगे।
एकदिवसीय वर्ल्ड कप के बाद शमी को चैम्पियंस ट्रॉफी में खेलने का मौका मिला था लेकिन रेड बॉल क्रिकेट में उनको काफी समय से वापसी का इंतजार है। हाल ही में सलेक्शन कमेटी के साथ बातचीत को लेकर की गई टिप्पणियों से भी उनकी वापसी पर असर पड़ा है।
दक्षिण अफ्रीकी टीम के खिलाफ इस टेस्ट सीरीज को गिल ने आसान नहीं माना। उन्होंने कहा कि इस टीम ने वर्ल्ड टेस्ट चैम्पियनशिप के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया को हराया था। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच सीरीज के अंकों को गिल ने काफी अहम माना और जीत को जरुरी बताया।
मुझे लगता है कि ये दोनों टेस्ट मैच हमारे लिए WTC फाइनल में जगह बनाने के लिहाज़ से बेहद अहम हैं। दक्षिण अफ्रीका एक बहुत अच्छी टीम है, वे चैंपियन हैं। जब मुश्किल हालात आए, तो हमने उन्हें अच्छी तरह संभाला है। पिच भी बढ़िया है, एकदम वैसी जैसी भारतीय विकेट होती है।
गौरतलब है कि पिच क्यूरेटर ने कोलकाता की विकेट से गेंदबाजों और बल्लेबाजों दोनों को मदद मिलने की बात कही है। तीसरे दिन से इस विकेट पर स्पिनरों को मदद मिलनी शुरू हो जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications