IND vs SA: राहुल द्रविड़ ने दिया हिंट, ऋषभ पंत से उनके शॉट पर क्या बातचीत की गई
नई दिल्लीः भारत की दूसरी पारी में जब ऋषभ पंत ने आगे बढ़कर कैगिसो रबाडा की गेंद पर मारा तब कई दिग्गजों ने अपनी चिंता व्यक्त की थी कि इतना समय इंटरनेशनल क्रिकेट में गुजारने के बाद भी पंत आखिर जिम्मेदारी के साथ क्यों नहीं खेल पा रहे हैं। गावस्कर खास तौर पर मुखर थे, उन्होंने कहा था कि कोच राहुल द्रविड़ ने जरूर पंत को तगड़ी फटकार लगाई होगी। पंत का वह शॉट भारत को जीरो रन और एक विकेट देकर गया था। चौथी पारी में भारत की बैटिंग हनुमा विहारी के कारण निचले क्रम पर थोड़ी बहुत चल पाई थी वर्ना टीम सवा दो सौ के आसपास भी ढेर हो सकती थी।

पंत के साथ उस शॉट पर क्या बात की-
अब टीम इंडिया के हेड कोच राहुल द्रविड़ ने खुद बताया है कि उन्होंने पंत के साथ उस शॉट पर क्या बात की है। द्रविड़ ने पहले तो स्वीकार किया कि उनको पंत से बात करनी पड़ी क्योंकि उस शॉट को जिस समय खेला गया उसके बाद सवाल उठने लाजिमी थी। पंत ने क्रीज पर आते ही तीसरे ही गेंद पर आगे बढ़कर वह शॉट खेल दिया था और गेंद ने बल्ले का किनारा लेकर विकेटकीपर के दस्तानों में खुद को पाया था।
द्रविड़ ने कहा कि, पंत हमेशा पॉजिटिव क्रिकेट खेलना चाहते हैं, लेकिन कई बार असली खेल शॉट के सेलेक्शन का होता है।

पंत के उस शॉट से अपसेट हैं द्रविड़ ?
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दूसरे टेस्ट में 7 विकेट से मिली हार के बाद द्रविड़ ने कहा, "हम जानते हैं पंत पॉजिटिव खेलते हैं, और उनका खेलना का वही तरीका है और उनको थोड़ी बहुत सफलता मिली है। लेकिन निश्चित तौर पर, एक समय के बाद हमको इस बारे में भी बात करनी पड़ती है। शायद आपको शॉट खेलने की टाइमिंग पर समझाना पड़ता है।"
द्रविड़ से जब आगे यह पूछा गया कि क्या वह पंत के उस शॉट से अपसेट हैं तो उनका जवाब यह था- "कोई भी यह बताने नहीं जा रहा है कि पंत एक पॉजिटिव क्रिकेटर हैं या फिर आक्रामक खिलाड़ी हैं लेकिन सवाल शॉट के चयन की टाइमिंग का है।"

मुझे लगता है पंत सीख रहा है- द्रविड़
अपने करियर में 164 टेस्ट मुकाबले खेल चुके राहुल द्रविड़ कहते हैं कि पंत ऐसे खिलाड़ी है जो एक गेम को बहुत जल्दी बदल सकते हैं।
उन्होंने कहा, "वैसे तो यह सलाह है कि आप क्रीज पर जाएं, थोड़ा समय बिताएं लेकिन आपको यह भी पता है कि अंत में पंत कैसे खेलने जा रहे हैं।
"वह वास्तव में एक पॉजिटिव खिलाड़ी हैं, वह ऐसा व्यक्ति है जो हमारे लिए बहुत जल्दी खेल को बदल सकता है, इसलिए स्वाभाविक रूप से वह उस खेल से दूर नहीं होगा। लेकिन कई बार देखना यह होता है कि शॉट को खेलने का सही समय क्या है जिससे कि आपका गेम और पारी सेट हो सके। तो, मुझे लगता है पंत सीख रहा है।
द्रविड़ ने कहा, "वह एक खास तरीके से खेलता है, इसलिए यह हमेशा कुछ ऐसा होता है कि वह सीखता रहता है, सुधार करता रहता है और बेहतर होता जाता है।"












Click it and Unblock the Notifications