Kuldeep Yadav Wedding: बचपन की दोस्त से इस दिन शादी करेंगे कुलदीप यादव? BCCI से मांगी छुट्टी
Kuldeep Yadav Wedding: भारतीय क्रिकेट टीम के अनुभवी स्पिनर कुलदीप यादव जल्द ही अपनी जिंदगी की नई पारी शुरू करने वाले हैं। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार कुलदीप ने अपनी शादी के लिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) से छुट्टी देने का अनुरोध किया है। अगर यह अनुरोध स्वीकार हो जाता है तो वह साउथ अफ्रीका के खिलाफ चल रही घरेलू सीरीज के कुछ अहम मैचों से बाहर रह सकते हैं।
इस दिन होगी शादी? (Kuldeep Yadav Wedding)
कुलदीप यादव ने 4 जून 2025 को लखनऊ में अपनी बचपन की दोस्त वंशिका से निजी समारोह में सगाई की थी। इस समारोह में क्रिकेटर रिंकू सिंह सहित करीबी दोस्त और परिवार के सदस्य शामिल हुए थे। 'टाइम्स ऑफ इंडिया' की रिपोर्ट के अनुसार कुलदीप की शादी नवंबर के अंतिम सप्ताह में तय की गई है। BCCI के सूत्रों ने पुष्टि की है कि कुलदीप ने नवंबर के आखिरी हफ्ते के लिए छुट्टी मांगी है।

बीसीसीआई से मांगी छुट्टी
एक बीसीसीआई सूत्र ने टीओआई को बताया कि कुलदीप की शादी नवंबर के अंतिम सप्ताह में तय है। टीम प्रबंधन यह आकलन करेगा कि उन्हें कुलदीप की सेवाओं की कब आवश्यकता होगी। कुलदीप द्वारा नवंबर के अंतिम सप्ताह में छुट्टी मांगे जाने का मतलब है कि वह साउथ अफ्रीका के खिलाफ होने वाले दूसरे टेस्ट मैच और इसके बाद शुरू होने वाली वनडे सीरीज से बाहर रह सकते हैं।
दूसरे टेस्ट से रह सकते हैं बाहर
भारत और साउथ अफ्रीका के बीच दूसरा टेस्ट 22 नवंबर से गुवाहाटी में शुरू होना है। जबकि वनडे सीरीज 30 नवंबर से शुरू होने वाली है। इससे पहले भी भारत-पाकिस्तान के बीच क्रॉस-बॉर्डर तनाव के कारण आईपीएल का शेड्यूल देर से समाप्त होने के कारण कुलदीप को अपनी शादी का कार्यक्रम स्थगित करना पड़ा था। हालांकि, कुलदीप यादव इस समय कोलकाता के ईडन गार्डन्स में साउथ अफ्रीका के खिलाफ चल रहे पहले टेस्ट मैच में भारतीय प्लेइंग इलेवन का हिस्सा हैं।
टीम इंडिया ने इस मैच में वॉशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल और रवींद्र जडेजा सहित चार स्पिनरों को मौका दिया है। कुलदीप ने वेस्टइंडीज के खिलाफ अपने पिछले टेस्ट में शानदार प्रदर्शन किया था।












Click it and Unblock the Notifications