IND vs SA: भारत की जीत में चमके रोहित,कोहली और कुलदीप, कीर्तिमानों की झड़ी लगा हिलाई रिकॉर्ड बुक
IND vs SA: रांची में भारतीय टीम ने रोमांचक मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका को पटखनी देते हुए धमाल मचा दिया। टीम इंडिया ने अंतिम ओवर तक सांसें अटका देने वाले इस मुकाबले में जीत दर्ज कर ली। पहले खेलते हुए टीम इंडिया ने 8 विकेट पर 349 रन बनाए थे। अफ़्रीकी टीम 332 पर आउट हो गई।
विराट कोहली ने इस मैच में धमाल मचाते हुए अपना सैकड़ा जमाया। रोहित शर्मा और के'एल राहुल के बल्ले से भी फिफ्टी आई। टीम इंडिया की जीत के साथ इस मुकाबले में कुछ कीर्तिमान भी बने, उनके बारे में आपको जरूर जानना चाहिए।

विराट कोहली का वर्ल्ड रिकॉर्ड
विराट कोहली ने एकदिवसीय क्रिकेट में 52वां सैकड़ा पूरा कर लिया। किसी भी फॉर्मेट में अन्य कोई बल्लेबाज यहां तक नहीं पहुंचा है। सचिन तेंदुलकर ने टेस्ट क्रिकेट में 51 शतक जमाए थे। कोहली ने अब उस कीर्तिमान को भी ध्वस्त कर दिया है। इसके अलावा भारत में कोहली ने सर्वाधिक 50 का रिकॉर्ड भी बना दिया।
रोहित शर्मा का वर्ल्ड रिकॉर्ड
एकदिवसीय क्रिकेट में रोहित शर्मा सर्वाधिक छक्के जड़ने वाले प्लेयर बन गए हैं। शाहिद अफरीदी (351) का रिकॉर्ड तोड़ते हुए रोहित शर्मा ने पहला स्थान हासिल कर लिया है। उनके नाम अब वनडे में कुल 352 छक्के हो गए हैं।
इंटरनेशनल क्रिकेट में रोहित-कोहली का कमाल
रोहित शर्मा और विराट कोहली दोनों मिलकर इंटरनेशनल क्रिकेट में 392वें मैच में उतरे। भारत के लिए दोनों ने एक साथ सर्वाधिक मैच खेलने का रिकॉर्ड बनाया। सचिन तेंदुलकर और राहुल द्रविड़ ने मिलकर 391 इंटरनेशनल मैच खेले थे।
कुलदीप यादव का जलवा
भारत के लिए कुलदीप यादव ने इस मुकाबले में 4 विकेट झटके। वनडे में उन्होंने 10वीं बार यह कारनामा किया है। वह सर्वाधिक 4 विकेट लेने वाले भारतीयों में तीसरे स्थान पर आ गए हैं। उनसे ऊपर मोहम्मद शमी (16) और अजिर अगरकर (12) का नाम है।
कोहली ने बनाया प्लेयर ऑफ़ द मैच का कीर्तिमान
विराट कोहली को इस मैच में प्लेयर ऑफ़ द मैच चुना गया। यह इंटरनेशनल क्रिकेट में उनका 70वां प्लेयर ऑफ़ द मैच था। सचिन तेंदुलकर ही उनसे आगे हैं, उनको 76 बार प्लेयर ऑफ़ द मैच का खिताब मिला था।












Click it and Unblock the Notifications