IND vs SA: भारत की शर्मनाक परफॉर्मेंस! बल्लेबाजों ने कटाई नाक, पहली बार हुआ ऐसा
IND vs SA, 2nd T20: टीम इंडिया को गुरुवार यानी 11 दिसंबर को मुल्लांपुर के महाराजा यादवेंद्र इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दूसरे टी-20 मुकाबले में भारतीय बल्लेबाज बुरी तरह फ्लॉप साबित हुए। इस पांच मैचों की सीरीज के दूसरे मैच में भारत को 51 रनों के बड़े अंतर से हार झेलनी पड़ी, जिसने टी-20 फॉर्मेट में घरेलू मैदान पर भारत की सबसे बड़ी हार का नया रिकॉर्ड दर्ज कर दिया।
दक्षिण अफ्रीका का कमाल, भारत की हार (IND vs SA, 2nd T20)
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए दक्षिण अफ्रीका ने जबरदस्त प्रदर्शन किया। सलामी बल्लेबाज क्विंटन डी कॉक ने सिर्फ 46 गेंदों पर 90 रनों की विस्फोटक पारी खेली, जिसके दम पर प्रोटियाज़ टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में 213 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। इसके जवाब में, भारतीय बल्लेबाजी पूरी तरह बिखर गई। भले ही तिलक वर्मा ने अर्धशतक लगाया, लेकिन बाकी कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका। पूरी भारतीय टीम सिर्फ 162 रनों पर ही सिमट गई।

भारत ने बनाया शर्मनाक रिकॉर्ड
यह हार कई मायनों में भारतीय क्रिकेट के लिए एक "ऑल-टाइम लो" साबित हुई। यह पहली बार है जब भारत को घरेलू मैदान पर टी-20 में 50 या उससे अधिक रनों के अंतर से हार मिली है। इसने साल 2022 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ इंदौर में मिली 49 रनों की पिछली सबसे बड़ी हार का रिकॉर्ड तोड़ दिया। इस जीत के साथ दक्षिण अफ्रीका टी-20 में भारत के खिलाफ 13 जीत दर्ज करने वाली पहली टीम बन गई है, जिसने ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड (दोनों 12 जीत) को पीछे छोड़ दिया।
पहली बार हुआ ऐसा
यह टी-20 इतिहास में पहला मौका था जब भारत के सभी 10 विकेट विपक्षी टीम के सिर्फ तेज गेंदबाजों ने लिए। दिलचस्प बात यह है कि तेज गेंदबाजी की जोड़ी जसप्रीत बुमराह और अर्शदीप सिंह की उपस्थिति में भारत की यह पहली हार थी। इससे पहले इस जोड़ी ने एक साथ खेले गए सभी 13 टी-20 मैच जीते थे, जिसमें 2024 T20 विश्व कप की जीत के सभी आठ मुकाबले शामिल थे।












Click it and Unblock the Notifications