दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दिनेश कार्तिक ने खेली धमाकेदार पारी, तोड़ा धोनी का 4 साल पुराना रिकॉर्ड
नई दिल्ली, जून 17। टीम इंडिया में नए फिनिशर की भूमिका निभा रहे दिनेश कार्तिक ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ चौथे टी20 मुकाबले में पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। दरअसल, कार्तिक ने इस मैच में अपने टी20 इंटरनेशनल करियर का पहला अर्द्धशतक जड़ा। कार्तिक ने 203.70 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए 27 गेंदों में 55 रन ठोक डाले। इस पारी में उन्होंने 9 चौके और 2 छक्के जड़े।

कार्तिक ने तोड़ दिया धोनी का रिकॉर्ड
दिनेश कार्तिक ने इस पारी के बाद महेंद्र सिंह धोनी का एक रिकॉर्ड तोड़ दिया है। दरअसल, दिनेश कार्तिक ने टी20 में 6 नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए भारत के लिए सबसे अधिक रन की पारी खेली है। इससे पहले धोनी ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ साल 2018 में 6 नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए 28 गेंदों में 52 रन बनाए थे, जिसमें धोनी ने 6 चौके और 3 छक्के जड़े थे, लेकिन अब कार्तिक ने धोनी को पीछे छोड़ दिया है। धोनी के बाद मनीष पांडे तीसरे स्थान पर हैं। उन्होंने 6 नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए न्यूजीलैंड के खिलाफ 50 रन की पारी खेली थी।

इस मामले में भी कार्तिक ने धोनी को छोड़ा पीछे
दिनेश कार्तिक ने आज टी20 इंटरनेशनल करियर की पहली फिफ्टी जड़ी है। 16 साल पहले उन्होंने इस फॉर्मेट में अपना डेब्यू किया था। खेल के इस छोटे फॉर्मेट में अर्द्धशतक लगाने वाले दिनेश कार्तिक सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बन गए हैं। इस मामले में भी उन्होंने धोनी को पीछे छोड़ दिया है। धोनी ने 2018 में 36 साल की उम्र में टी20 इंटरनेशनल में फिफ्टी लगाई थी। हालांकि वो धोनी के करियर की दूसरी फिफ्टी थी। वहीं कार्तिक ने 37 साल की उम्र में अर्द्धशतक लगाया है।

कार्तिक की पारी की बदौलत सम्मानजनक स्कोर तक पहुंची टीम इंडिया
आपको बता दें कि दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ चौथे टी20 मुकाबले में टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए अफ्रीकी टीम को 170 रनों का लक्ष्य दिया है। टीम इंडिया ने 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 169 रन बनाए। टॉप ऑर्डर के फ्लॉप होने के बाद मिडिल ऑर्डर में दिनेश कार्तिक और हार्दिक पांड्या की तूफानी बल्लेबाजी की बदौलत भारतीय टीम सम्मानजनक स्कोर तक पहुंच पाई है। दिनेश कार्तिक ने 27 गेंदों में 55 रन की विस्फोटक पारी खेली। कार्तिक ने इस पारी में 9 चौके और 2 छक्के जड़े। वहीं हार्दिक पांड्या ने 31 गेंदों में 46 रन बनाए। पांड्या ने अपनी पारी में 3 चौके और 3 छक्के जड़े।












Click it and Unblock the Notifications