IND vs SA: टूट सकता है विराट कोहली का 9 साल पुराना रिकॉर्ड, अभिषेक शर्मा के पास इतिहास रचने का मौका
IND vs SA, Virat Kohli: भारतीय क्रिकेट के युवा बल्लेबाज अभिषेक शर्मा इस समय शानदार फॉर्म में हैं। वह क्रिकेट के सबसे बड़े रिकॉर्ड्स में से एक को तोड़ने के बेहद करीब हैं। बाएं हाथ के इस विस्फोटक बल्लेबाज ने 2025 के कैलेंडर वर्ष में अब तक टी20 फॉर्मेट में 1,533 रन बना लिए हैं। वह विराट कोहली द्वारा 2016 में बनाए गए रिकॉर्ड को तोड़ने से केवल 87 रन दूर हैं।
विराट कोहली का रिकॉर्ड तोड़ने का मौका (IND vs SA, Virat Kohli)
विराट कोहली ने साल 2016 में 31 मैचों में अविश्वसनीय 1,614 रन बनाए थे, जिसमें उनका औसत 89.66 रहा था। इसमें चार शतक और 14 अर्धशतक शामिल थे। अभिषेक शर्मा ने इस साल 39 टी20 मैचों में 41.43 की औसत से 1,533 रन बनाए हैं, जिसमें तीन शतक और नौ अर्धशतक शामिल हैं। रविवार यानी 14 दिसंबर को धर्मशाला के एचपीसीए स्टेडियम में जब अभिषेक शर्मा दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीसरे टी-20 में मैदान पर उतरेंगे तो उनकी नजर इस ऐतिहासिक उपलब्धि को हासिल करने पर होगी।

अफ्रीका के खिलाफ कुछ खास नहीं रहा है प्रदर्शन
अभिषेक शर्मा को बस एक बड़ी पारी की जरूरत है। भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज अब 1-1 से बराबरी पर है। इस सीरीज़ में अभिषेक शर्मा का प्रदर्शन मिला-जुला रहा है। पहले टी20 में अभिषेक सस्ते में आउट हो गए, लेकिन भारत ने 101 रन से आसान जीत दर्ज की। दूसरे टी20 में सलामी बल्लेबाज के रूप में उन्होंने 8 गेंदों पर 17 रन की तेज पारी खेली, जिसमें दो छक्के शामिल थे।
इस साल अभिषेक ने की है जबरदस्त बल्लेबाजी
इस दौरान उन्होंने इस कैलेंडर वर्ष में टी20 में अपने 50 छक्के पूरे किए, जो भारतीय पावर हिटर्स के एक खास लिस्ट में उनकी एंट्री कराई है। हालांकि, उनके जल्दी आउट होने के बाद भारत 214 रनों का पीछा करने में संघर्ष करता दिखा और 51 रनों से मैच हार गया। दूसरे मैच में हार के बाद भारतीय टीम की बल्लेबाजी में कुछ कमियां सामने आई हैं, क्योंकि वे 214 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए 19.1 ओवर में 162 पर आउट हो गए।
भारत को जीत की जरूरत
सीरीज़ में निर्णायक बढ़त बनाने के लिए भारत को अपने शीर्ष क्रम और मध्य क्रम दोनों से लगातार योगदान की आवश्यकता होगी। अभिषेक शर्मा की विस्फोटक बल्लेबाजी भारत के लिए एक बड़ा हथियार है। यदि वह धर्मशाला में बड़ी पारी खेलने में सफल होते हैं तो न केवल वह कोहली का रिकॉर्ड तोड़ेंगे, बल्कि वह टीम इंडिया को सीरीज़ में 2-1 की बढ़त दिलाने में भी अहम भूमिका निभाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications