IND vs SA: क्या विराट लगाएंगे शतकों की हैट्रिक? विशाखापत्तनम में ऐसा है किंग कोहली का रिकॉर्ड
IND Vs SA 3rd ODI: भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच होने वाले तीसरे वनडे मैच में सारी निगाहें एक बार फिर विराट कोहली पर टिकी हैं। कोहली ने लगातार दो शतक लगाकर अपने फॉर्म पर उठ रहे सभी सवालों को ख़त्म कर दिया है। अब वह सीरीज़ डिसाइडर के लिए अपने सबसे पसंदीदा मैदानों में से एक विशाखापत्तनम में कदम रखेंगे। जहां एक बार फिर उनसे बड़े रनों की उम्मीद होगी।
कोहली की नजरें शतकों की हैट्रिक पर (IND Vs SA 3rd ODI)
वनडे सीरीज में रांची में 135 और रायपुर में 102 रन बनाने के बाद विराट कोहली अब लगातार तीन वनडे शतक लगाने की हैट्रिक पूरी करने की कगार पर हैं। यह उपलब्धि वह पहले एक बार हासिल कर चुके हैं, और अगर वह ऐसा कर पाते हैं तो वह वनडे इतिहास में यह रिकॉर्ड दो बार बनाने वाले दूसरे खिलाड़ी बन जाएंगे। अगर कोई जगह ऐसी है जहां कोहली यह करिश्मा कर सकते हैं तो वह विशाखापत्तनम का ACA-VDCA स्टेडियम ही है।

मिनटों में बिक गए सारे टिकट
इस सीरीज में विराट कोहली का धमाकेदार फॉर्म फैंस के सिर चढ़कर बोल रहा है। उनके लगातार शतकों ने तीसरे वनडे के लिए टिकटों की बिक्री में ज़बरदस्त उछाल ला दिया है। पहले आंध्र क्रिकेट एसोसिएशन (ACA) टिकटों को ऑफलाइन बेचना चाहता था, लेकिन 'विराट कोहली बज़' को देखते हुए उन्हें पूरा सिस्टम ऑनलाइन करना पड़ा। 1,200 रुपये से लेकर 18,000 रुपये तक की कीमत वाले सभी 27,500 टिकट तुरंत बिक गए।
विशाखापत्तनम में विराट कोहली का रिकॉर्ड
विशाखापत्तनम में विराट कोहली के आंकड़े किसी दिग्गज से कम नहीं हैं। इस मैदान पर उनका रिकॉर्ड शानदार है। उन्होंने यहां कुल 7 वनडे मैचों में 587 रन बनाने में कामयाबी हासिल की है। इस दौरान विराट के बल्ले से 3 शतक और दो अर्धशतक भी निकले थे। ऐसे में विराट कोहली एक बार फिर इस मैदान पर बड़ा स्कोर बनाना चाहेंगे।












Click it and Unblock the Notifications