IND vs SA: 35वां जन्मदिन और 49वां वनडे शतक, कोहली ने सचिन का रिकॉर्ड बराबर कर रचा इतिहास
Virat Kohli: भारतीय टीम के पूर्व कप्तान विराट कोहली का बल्ला काफी जमकर बोल रहा है। इस वर्ल्ड कप में उन्होंने धमाकेदार बैटिंग करते हुए गेंदबाजों की धुनाई कर दी। कोहली ने अपने जन्मदिन पर दक्षिण अफ़्रीकी गेंदबाजों को धो दिया और शतक जड़ इतिहास रच दिया। उन्होंने सचिन तेंदुलकर के 49 शतकों के कीर्तिमान की बराबरी कर ली है।
विराट कोहली ने 49वां वनडे शतक जड़ने के लिए कुल 277 पारियों का सहारा लिया है। सचिन तेंदुलकर ने एकदिवसीय क्रिकेट में कुल 452 पारियां खेली थी। खास बात यह भी है कि कोहली का रोल मॉडल सचिन ही हैं। पहला शतक भी कोहली का ईडन गार्डंस में ही आया था।

विराट कोहली के लिए यह शतक इसलिए भी खास है क्योंकि उनका जन्मदिन है और वह खास लिस्ट में शामिल हो गए। सचिन तेंदुलकर, विनोद कांबली जैसे खिलाड़ियों ने भी अपने जन्मदिन के मौके पर शतक जड़े थे।
इससे पहले धर्मशाला में एक मुश्किल मैच के दौरान कोहली के बल्ले से 95 रनों की पारी आई थी। वह शतक पूरा करने से चूक गए लेकिन उनकी पारी में इम्पैक्ट था। न्यूजीलैंड के खिलाफ टीम इंडिया ने 4 विकेट से जीत दर्ज की थी। कोहली टीम के लिए संकटमोचक बने थे।
कोहली के पास शतक का एक और मौका मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में आया था। श्रीलंका के खिलाफ मैच के दौरान कोहली के पास सचिन के वनडे शतकों का रिकॉर्ड बराबर करने का अवसर था। हालांकि ऐसा नहीं हो पाया और वह 88 रनों के निजी स्कोर पर आउट हो गए। वानखेड़े में उस समय सचिन भी मौजूद थे।
एकदिवसीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक के मामले में भारतीयों का ही दबदबा है। सचिन और कोहली के नाम 49-49 शतक है और उनके बाद रोहित शर्मा का नाम आता है। रोहित शर्मा ने एकदिवसीय क्रिकेट में 31 शतक जड़े हैं। भारतीय टीम ने सफेद गेंद क्रिकेट में डोमिनेट किया है।












Click it and Unblock the Notifications