प्रोटियाज गेंदबाजों ने कसा शिकंजा, कार्तिक की फिनिशिंग के दम पर भारत ने दिया 149 का लक्ष्य
कटक, 12 जून: दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ कटक के बाराबाती स्टेडियम में टॉस हारने के बाद भारतीय टीम ने काफी खराब खेल दिखाया और वह कभी भी मैच में दिखाई नहीं दी। लेकिन ईशान किशन, श्रेयस अय्यर और अंत में दिनेश कार्तिक की पारियों के दम पर टीम इंडिया 20 ओवरों में 6 विकेट के नुकसान पर 148 रन बनाने में सफल रही।

भारत ने आईपीएल में संघर्ष कर रहे रुतुराज गायकवाड़ को दूसरे मैच में भी ओपनिंग के लिए भेजा और उन्होंने 1 रन बनाकर रबाडा की गेंद पर महाराज को कैच थमा दिया। इसके बाद हालांकि ईशान किशन और श्रेयस अय्यर की जोड़ी ने उम्मीदें बांधी, खासकर किशन बढ़िया लय में दिखे लेकिन 7वें ओवर में ही नॉकिया की गेंद पर कैच आउट हो गए। किशन ने 21 गेंदों पर 3 छक्के लगाते हुए 34 रनों की पारी खेली।
इसके बाद कप्तान पंत भी 5 रन बनाकर केशव महाराज का शिकार बने और पर्नेल ने ओवर द विकेट आकर हार्दिक पांड्या को आउट करके भारत को बड़ा झटका दे दिया। वे क्लीन बोल्ड हुए।
भारत ने दिनेश कार्तिक से ऊपर बॉलिंग ऑलराउंडर अक्षर पटेल को खिलाया लेकिन उनको नॉकिया ने ठीक ऐसे चलता किया जैसे पर्नेल ने पांड्या को किया था।

जब अंतिम ओवरों में बाउंड्री की रफ्तार बिल्कुल थम गई तब हर्षल पटेल ने पहला चौका लगाया, उसके बाद दिनेश कार्तिक ने नॉकिया द्वारा फेंके गए 19वें ओवर में 2 चौके लगाकर भारत के रनों की रफ्तार को कुछ गति दी।
कार्तिक ने प्रोटोरियस के अंतिम ओवर लगातार दो छक्के लगाए और भारत का स्कोर 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 148 रन कर दिया। दिनेश कार्तिक ने शुरुआती संघर्ष के बाद 21 गेंदों पर नाबाद 30 रन बनाए और रोल को बखूबी निभाया।
प्रोटियाज गेंदबाजों में रबाडा ने 4 ओवर में 15 रन देकर एक विकेट लिया। पर्नेल भी 4 ओवर में 23 रन देकर सटीक थे। नॉकिया पर कुछ रन पड़े लेकिन वे दो विकेट भी लेने में कामयाब रहे।












Click it and Unblock the Notifications