भारत-पाक मैच होगा या नहीं? लाहौर में 5 घंटे चली लंबी माथापच्ची, इतने बजे वर्ल्ड कप की किस्मत का फैसला
IND vs PAK: क्रिकेट के मैदान पर जब भी भारत और पाकिस्तान की टीमें आमने-सामने आती हैं, तो वह सिर्फ एक खेल नहीं रह जाता, बल्कि भावनाओं का सैलाब बन जाता है। लेकिन इस बार टी20 वर्ल्ड कप 2026 में इस महा-मुकाबले के होने पर संकट के काले बादल मंडरा रहे हैं।
लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में सोमवार को हुई एक हाई-वोल्टेज मीटिंग ने इस सस्पेंस को और बढ़ा दिया है। करीब 5 घंटे तक चली इस बैठक के बाद अब गेंद पाकिस्तान सरकार के पाले में है और अगले 24 घंटे यह तय कर देंगे कि दुनिया का सबसे बड़ा मुकाबला खेला जाएगा या नहीं। सोमवार रात तक तस्वीर साफ़ होने के पूरे आसार हैं।

पाक-बांग्लादेश हुए एक
लाहौर में हुई इस चर्चा में ICC के आला अधिकारी, PCB चेयरमैन मोहसिन नकवी और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के प्रतिनिधि शामिल हुए। सूत्रों की मानें तो पाकिस्तान अब सीधे तौर पर बहिष्कार करने के बजाय 'शर्तों के साथ समझौते' की ओर बढ़ता दिख रहा है। पाकिस्तान और बांग्लादेश ने एक तरह का फ्रंट बना लिया है, जहां बांग्लादेश को टूर्नामेंट से बाहर किए जाने के एवज में भारी मुआवजे की मांग की जा रही है।
असल में यह सारा विवाद बांग्लादेश के भारत आने से मना करने और उसके बाद ICC द्वारा उठाए गए सख्त कदमों से शुरू हुआ। अब पाकिस्तान इस मुद्दे को अपनी 'साख' की लड़ाई बना चुका है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड का कहना है कि वह इस मामले में अपनी ओर से कोई भी आधिकारिक फैसला लेने से पहले पाकिस्तान सरकार और प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से मशविरा करेगा।
पाकिस्तान के लिए मुश्किल यह है कि अगर वह मैच नहीं खेलता है तो ICC के कड़े प्रतिबंधों का खतरा है, और अगर खेलता है तो उसे अपनी मांगों पर झुकना पड़ सकता है।
ICC को नुकसान पहुंचाने की कोशिश
ICC के लिए भारत बनाम पाकिस्तान मैच का मतलब है अरबों रुपयों का राजस्व। विज्ञापन, टीवी राइट्स और टिकटों की बिक्री से होने वाली कमाई का एक बड़ा हिस्सा इसी एक मैच पर टिका होता है। यही वजह है कि ICC के अधिकारी खुद चलकर लाहौर पहुंचे ताकि किसी भी तरह इस डेडलॉक (गतिरोध) को खत्म किया जा सके। यहां पाकिस्तान ने 'हम तो डूबेंगे सनम तुमको भी ले डूबेंगे' वाली कहावत के अनुसार चाल चली है। खुद के खजाने में फूटी कौड़ी नहीं होने के बाद आईसीसी के राजस्व में नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications