Ind vs Pak Match Cancel: 'मेरा देश मेरे लिए सब कुछ है', भारत-पाक मैच रद्द! जानें आखिर क्यों नहीं हुआ मुकाबला
Ind vs Pak Match Cancel: वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स (WCL) में 20 जुलाई यानी रविवार को भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला खेला जाना था। भारत और पाकिस्तान के पूर्व दिग्गज क्रिकेटर आमने-सामने होने वाले थे। लेकिन मैच से एक दिन पहले आयोजकों ने इसे रद्द करने का फैसला लिया। इस फैसले की सबसे बड़ी वजह रही खिलाड़ियों का विरोध। मैच से ठीक पहले खिलाड़ियों ने मुकाबले को खेलने से इनकार कर दिया।
शिखर धवन ने शेयर किया पोस्ट (Ind vs Pak Match Cancel)
दरअसल, पूर्व भारतीय ओपनर शिखर धवन ने साफ शब्दों में कहा कि वो पाकिस्तान के खिलाफ कोई मुकाबला नहीं खेलेंगे। धवन ने 11 मई 2025 को ही आयोजकों को यह सूचना दे दी थी, जिसे उन्होंने शनिवार देर रात सोशल मीडिया पर दोहराया। धवन ने लिखा कि जो कदम 11 मई को लिया, आज भी उसी पर कायम हूं। मेरा देश मेरे लिए सब कुछ है, और देश से बढ़कर कुछ नहीं। जय हिंद!

पहलगाम आतंकी हमले के बाद बढ़ा तनाव
इसके साथ ही हरभजन सिंह, इरफान पठान और यूसुफ पठान भी पहले ही इस मैच से खुद को अलग कर चुके थे। इन खिलाड़ियों ने यह कदम पहलगाम आतंकी हमले के बाद बढ़े जन आक्रोश और राजनीतिक तनाव को देखते हुए उठाया। फैंस और सोशल मीडिया पर लगातार विरोध के बाद इन खिलाड़ियों ने साफ किया कि देशहित में यह फैसला लिया गया है।
आयोजकों ने मांगी माफी
WCL आयोजकों ने बयान जारी कर कहा कि उनका उद्देश्य सिर्फ फैंस को खुशी देना था। उन्होंने हाल ही में भारत-पाकिस्तान वॉलीबॉल और हॉकी मुकाबलों को देखकर सोचा कि क्रिकेट के जरिए भी रिश्तों में सकारात्मकता लाई जा सकती है। लेकिन वे मानते हैं कि इस मैच से कई लोगों की भावनाएं आहत हुईं, जिसके लिए वे क्षमा चाहते हैं।
बता दें कि WCL एक निजी टी20 लीग है, जिसे इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) से अनुमति मिली है। इसमें भारत, पाकिस्तान, इंग्लैंड, वेस्टइंडीज, ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका के पूर्व खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। इस लीग के मालिक गायक हर्षित तोमर और बॉलीवुड अभिनेता अजय देवगन हैं।












Click it and Unblock the Notifications