Asia Cup में दो बार और भिड़ सकते हैं भारत और पाकिस्तान, असली जंग तो अभी बाकी है?
IND vs PAK Asia Cup 2025: एशिया कप 2025 में भारत और पाकिस्तान के बीच हुआ महामुकाबला एकतरफा रहा। दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए इस मैच में भारत ने पाकिस्तान को सात विकेट से हराकर सुपर-4 चरण में जगह पक्की कर ली। हालांकि पाकिस्तान को इस हार से झटका जरूर लगा। लेकिन टूर्नामेंट में दोनों टीमें एक-दूसरे से दोबारा भिड़ सकती हैं।
ऐसे सुपर फोर में पहुंच जाएगा पाकिस्तान (IND vs PAK Asia Cup 2025)
पाकिस्तान की टीम भले ही भारत से हार गई हो, लेकिन वह अब भी सुपर-4 में पहुंचने की रेस से बाहर नहीं हुई है। अगर पाकिस्तान अपनी अगली लीग मैच में यूएई को हरा देता है, तो वह भारत के साथ सुपर-4 में क्वालीफाई कर जाएगा। ऐसे में भारत और पाकिस्तान का एक और टकराव तय माना जा सकता है। लिहाजा फैंस भी आने वाले मुकाबले को लेकर उत्साहित होंगे।

सुपर-4 में हो सकती है फिर भिड़ंत
सुपर-4 चरण में सभी टीमें एक-दूसरे से एक-एक बार मुकाबला करती हैं। ऐसे में अगर पाकिस्तान क्वालीफाई करता है तो भारत और पाकिस्तान की टीमें फिर से आमने-सामने होंगी। शेड्यूल के मुताबिक ग्रुप-ए की दोनों शीर्ष टीमें रविवार, 21 सितंबर को भिड़ेंगी। इसका मतलब है कि फैंस को एक और हाई-वोल्टेज मैच देखने का मौका मिल सकता है।
फाइनल में भी हो सकता है सामना
सबसे बड़ा रोमांच तो तब होगा जब भारत और पाकिस्तान सुपर-4 चरण में शीर्ष दो स्थान पर रहें और फाइनल में प्रवेश करें। इस स्थिति में 28 सितंबर को दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में दोनों चिर-प्रतिद्वंद्वी खिताबी मुकाबले में भिड़ेंगे। यानी इस एशिया कप में भारत-पाकिस्तान के कुल तीन मैच होने की पूरी संभावना है।
भारत ने एकतरफा अंदाज में जीता मैच
भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ यह मैच बेहद आसान अंदाज में जीता। पहले गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया और पाकिस्तान को 127 रन पर रोक दिया। कुलदीप यादव ने तीन विकेट लिए, जबकि अक्षर पटेल और वरुण चक्रवर्ती ने मिलकर विपक्षी बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। लक्ष्य का पीछा करते हुए अभिषेक शर्मा ने तेज़ 31 रन बनाए और कप्तान सूर्यकुमार यादव ने नाबाद 47 रन ठोककर जीत पक्की कर दी।












Click it and Unblock the Notifications