IND vs PAK: भारत से हार के बाद मुश्किल में पाकिस्तान, कैसे मिलेगी सुपर-4 में एंट्री? जानें समीकरण
IND vs PAK Asia Cup 2025: एशिया कप 2025 के हाई-वोल्टेज मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को सात विकेट से हरा दिया। दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए इस मैच में पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया, लेकिन शुरुआत बेहद खराब रही। पहले ही ओवर में सैम अय्यूब बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। इसके बाद जसप्रीत बुमराह ने मोहम्मद हारिस को आउट कर पाकिस्तान को बड़ा झटका दिया। देखते ही देखते पाकिस्तान का स्कोर 6 रन पर दो विकेट हो गया।
साहिबजादा फरहान ने बनाए 40 रन (IND vs PAK Asia Cup 2025)
साहिबजादा फरहान ने 40 रन बनाकर टीम को संभालने की कोशिश की, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से कोई साथ नहीं मिला। फखर जमान 39 रन की साझेदारी के बाद आउट हो गए। पाकिस्तान का मध्यक्रम पूरी तरह लड़खड़ा गया और टीम 64 रन पर ही छह विकेट खो बैठी। हालांकि, अंत में शाहीन अफरीदी ने तेजतर्रार 33 रन बनाए जिसकी बदौलत पाकिस्तान 20 ओवर में 9 विकेट पर 127 रन तक पहुंच पाया।

25 गेंद पहले ही भारत ने जीता मैच
लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज दिखाया। शुभमन गिल 10 रन बनाकर आउट हो गए, लेकिन अभिषेक शर्मा ने 13 गेंदों पर 31 रन ठोककर मैच का रुख भारत की ओर मोड़ दिया। इसके बाद तिलक वर्मा ने भी 31 रन जोड़े। अंत में सूर्यकुमार यादव ने नाबाद 47 रन की पारी खेलकर भारत को 15.5 ओवर में जीत दिलाई। भारत ने यह मुकाबला 25 गेंदें शेष रहते अपने नाम किया और सुपर-4 में जगह पक्की कर ली।
अब पाकिस्तान के लिए क्या है रास्ता?
भारत से हार ने पाकिस्तान की मुश्किलें जरूर बढ़ा दी हैं, लेकिन उनकी उम्मीदें अभी भी जिंदा हैं। पाकिस्तान ने अपने पहले मैच में ओमान को बड़े अंतर से हराया था जिससे नेट रनरेट मजबूत हुआ। अब पाकिस्तान को सुपर-4 में जगह बनाने के लिए केवल एक ही काम करना है और वो है यूएई को हराना। अगर पाकिस्तान यूएई को 17 सितंबर को होने वाले मुकाबले में हरा देता है, तो उसके पास सुपर-4 में पहुंचने का रास्ता साफ हो जाएगा।
यूएई और ओमान दोनों ही बड़ी टीमों को चुनौती देने की स्थिति में नहीं दिख रहे। ऐसे में पाकिस्तान के लिए सबसे अहम यही होगा कि वह यूएई के खिलाफ मजबूत प्रदर्शन करे और जीत दर्ज करे। वहीं, भारत अब ओमान के खिलाफ खेलेगा। चूंकि भारत पहले ही सुपर-4 में पहुंच चुका है, इसलिए यह मैच टीम इंडिया के लिए नेट रनरेट और लय बनाए रखने का मौका होगा।












Click it and Unblock the Notifications