रजत पाटीदार का इंटरव्यू करते वक्त कोहली ने कर दी थी बड़ी गलती, अब टीम इंडिया में मिली है एंट्री
आईपीएल 2022 के दौरान विराट कोहली ने रजत पाटीदार का इंटरव्यू किया था। उस इंटरव्यू में विराट कोहली ने रजत का गलत नाम लिया था। बाद में रजत ने उसी करेक्शन किया था। अब रजत टीम इंडिया में विराट के साथ खेल सकते हैं।
न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज का आगाज होने से पहले टीम इंडिया को एक बड़ा झटका लग गया है। दरअसल, टीम के मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज श्रेयस अय्यर बैक इंजरी की वजह से पूरी सीरीज से बाहर हो गए हैं। श्रेयस अय्यर की जगह रजत पाटीदार को टीम इंडिया में शामिल किया गया है। रजत पाटीदार का अभी तक इंटरनेशनल डेब्यू नहीं हुआ है। हालांकि उन्हें पिछले साल सितंबर-अक्टूबर में भी टीम इंडिया में शामिल किया गया था, लेकिन उन्हें डेब्यू करने का मौका नहीं मिला था। रजत पाटीदार आईपीएल के स्टार खिलाड़ी हैं और वो विराट कोहली की रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की ओर से खेलते हैं।

जब विराट ने लिया था रजत का इंटरव्यू
आपको बता दें कि रजत पाटीदार पूर्व भारतीय कप्तान विराट कोहली को अपना आदर्श मानते हैं। आईपीएल में रजत पाटीदार को विराट कोहली के साथ खेलने का मौका भी मिला है। आईपीएल 2022 में एक मौका ऐसा भी आया था, जब विराट कोहली ने रजत पाटीदार का इंटरव्यू किया था, लेकिन विराट ने इस इंटरव्यू में रजत पाटीदार का नाम लेने में ही गलती कर दी थी, जिसे विराट ने बाद में सुधारा था। इंटरव्यू शुरू करते वक्त कोहली ने रजत का नाम लेते वक्त थोड़ा सा पॉज लिया था और कहा था कि आज हमारे साथ यहां हैं रजत पटिदार। इस पर रजत ने फिर अपना नाम रजत पाटीदार बताया। तब जाकर कोहली ने सही नाम लिया।

कोहली ने की थी रजत की तारीफ
इंटरव्यू शुरू करने के बाद विराट कोहली ने कहा कि मेरे साथ जो बल्लेबाज है उसे विपक्षी टीमें बिल्कुल भी हल्के में न लें, मैच का रिजल्ट इतना बड़ा था कि मैं भी टेंशन में आ गया था, क्योंकि मैं उन परिस्थितियों में रहा हूं, जहां आपको एक टीम के रूप में जीत हासिल करनी होती है। विराट ने आगे कहा था कि आज के मैच में रजट पाटीदार ने जो कुछ भी किया वो बहुत ही स्पेशल था, मुझे नहीं लगता किसी भी टीम को इस खिलाड़ी को हल्के में लेना चाहिए और एक क्रिकेटर के रूप में इस तरह की पारी देखने के लिए उनकी सराहना करनी चाहिए।

रजत पाटीदार ने लगाया था शतक
आपको बता दें कि जिस मैच के बाद कोहली ने रजत पाटीदार का यह इंटरव्यू लिया था, उस मैच में रजत पाटीदार ने मैच जिताऊ पारी खेली थी। रजत पाटीदार ने आईपीएल 2022 के इस एलिमिनेटर मैच में आरसीबी के लिए शतक बनाया था। रजत पाटीदार ने इस मैच में नाबाद 112 रन की पारी खेली थी। इस पारी में उन्होंने 12 चौके और 7 छक्के लगाए थे। इस दौरान उन्होंने 207.40 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की थी। वहीं इंटरव्यू करने वाले विराट कोहली ने इस मैच में 25 रन की पारी खेली थी।












Click it and Unblock the Notifications